नीतीश के राज्यसभा जाने पर कांग्रेस का बड़ा हमला: अखिलेश बोले- अब बिहार को BJP अपने हिसाब से चलाएगी!

बिहार को अब अपने हिसाब से भाजपा चलाएगी: अखिलेश प्रसाद सिंह


नई दिल्ली, 5 मार्च। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि भाजपा जो चाहती थी, वह पूरा हो रहा है। अब बिहार को भाजपा अपने हिसाब से चलाएगी।

सीएम नीतीश कुमार ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए जानकारी दी कि वे राज्यसभा जा रहे हैं। उन्होंने लिखा कि पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।

नीतीश कुमार ने लिखा, संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं।

कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने नीतीश कुमार के एक्स पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 कैंपेन के दौरान हम कह रहे थे कि नीतीश कुमार अब सिर्फ नाम के रह गए हैं। भारतीय जनता पार्टी पर्दे के पीछे से सरकार चलाना चाहती है और वे सरकार चला रहे हैं। यह उनका पॉलिटिकल डिजाइन रहा है। पंजाब और महाराष्ट्र के बाद भाजपा का खेल अब हम बिहार में देख रहे हैं, लेकिन नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने के संबंध में अपनी स्वीकृति दी है। वे अपनी सहमति से जा रहे हैं हमारी ओर से उन्हें शुभकामनाएं हैं।

नीतीश कुमार के जाने के बाद बिहार की राजनीति में क्या असर होगा, जब इस पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि यह तो तय हो गया कि भाजपा बिहार में अपने हिसाब से सरकार चलाएगी। बिहार में भाजपा अपना मुख्यमंत्री बनाएगी। बस इंतजार राज्यसभा चुनाव का किया जा रहा है। यह चुनाव संपन्न होने के बाद बिहार में मुख्यमंत्री बनाया जाएगा और सरकार चलाई जाएगी।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,066
Messages
13,103
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top