दिल्ली के रिठाला में आग का भयावह तांडव, गुरुवार तड़के झुग्गियों समेत कई फ्लैट-फैक्ट्रियां चपेट में

दिल्ली: रिठाला की झुग्गियों में आग का तांडव, आसपास के फ्लैट और फैक्ट्री भी प्रभावित


नई दिल्ली, 5 मार्च। दिल्ली के रिठाला इलाके में बनी झुग्गियों में गुरुवार तड़के अचानक से आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसकी चपेट में आसपास बने कई घर भी आ गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीमें भी पहुंची। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, यह आग झुग्गी इलाके में लगी, जहां बड़ी संख्या में अस्थाई मकान और झोपड़ियां बनी हुई थीं। घटना की सूचना सुबह तड़के 4:15 बजे फायर कंट्रोल रूम को मिली। जैसे ही अलर्ट आया, फायर ब्रिगेड ने तुरंत सात गाड़ियां मौके पर भेजीं। आग फैल चुकी थी और लगभग 2,500 स्क्वायर यार्ड के इलाके में कई झुग्गियां पूरी तरह जल चुकी थीं। स्थिति को देखते हुए फायर ऑफिसर सी.एल. मीणा ने आग की गंभीरता के आधार पर कैटेगरी अपग्रेड कर दी और सुबह 4:35 बजे अतिरिक्त 5-7 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।

मौके पर पहुंचे फायर ऑफिसर सी.एल. मीणा ने बताया कि आग ने झुग्गी इलाके के साथ पास की पेपर फैक्ट्री और आवासीय फ्लैट्स को भी अपनी चपेट में ले लिया था। इसके कारण काफी नुकसान हुआ। घरों के अंदर आग फैल गई और कई खिड़कियां, दरवाजे और मीटर बॉक्स जल गए।

उन्होंने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उन्होंने कहा कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन नुकसान काफी हुआ है। स्थानीय प्रशासन और फायर ऑफिसर लगातार इलाके में डटे हुए हैं और बचाव व सुरक्षा कार्य जारी हैं। फिलहाल रिठाला इलाके में नुकसान की स्थिति का आकलन किया जा रहा है।

बीते दिन दिल्ली से सटे गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में भी आगजनी की घटना सामने आई थी। एक रिहायशी बिल्डिंग के ग्राउंट फ्लोर पर आग लग गई थी, जिसने कुछ ही मिनटों में पुरी बिल्डिंग को चपेट में ले लिया था, जिसमें करीब 20 से 22 लोग झुलस गए थे।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,001
Messages
13,038
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top