मिजोरम में एनसीबी का बड़ा एक्शन: 31 करोड़ की ड्रग्स के साथ चार तस्कर दबोचे, म्यांमार कनेक्शन उजागर

एनसीबी की ड्रग्स तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 31 करोड़ की नशीली दवाओं के साथ चार तस्कर गिरफ्तार


आइजोल, 5 मार्च। मिजोरम में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के जरिए हो रही ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने 31 करोड़ से अधिक कीमत की नशीली दवाइयों के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।

एनसीबी के अधिकारियों के अनुसार, सीमा क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर तीन समन्वित ऑपरेशन चलाए गए। इन अभियानों के दौरान कुल 36.434 किलोग्राम मेथामफेटामाइन और 905 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। जब्त की गई नशीली दवाओं की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 31 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर की गई थी। यह कार्रवाई एसआईबी मिजोरम और राज्य के एक्साइज एवं नारकोटिक्स विभाग के साथ मिलकर की गई। ऑपरेशन के दौरान तस्करों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए संदिग्धों को पकड़ा गया। इस मामले में एक म्यांमारी नागरिक समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

जांच एजेंसियों का मानना है कि मिजोरम और पूर्वोत्तर क्षेत्र का इस्तेमाल अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट की ओर से तस्करी के लिए किया जा रहा है। म्यांमार से सटे सीमावर्ती इलाकों के जरिए बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ भारत में लाने की कोशिश की जाती है, जिस पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार अभियान चला रही हैं।

एनसीबी ने इस कार्रवाई को ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता बताया है। एजेंसी ने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए केंद्र और राज्य की विभिन्न एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। साथ ही, एनसीबी ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी नारकोटिक्स से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले तो वे तुरंत “मानस हेल्पलाइन” के टोल-फ्री नंबर 1933 पर सूचना दें। एजेंसी ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

एनसीबी के अधिकारियों ने कहा कि ड्रग्स की तस्करी रोकने के लिए टीम हमेशा तैयार रहती है। जैसी ही कोई सूचना मिलती है, घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया जाता है। इससे पहले भी कई बार इस तरह के ऑपरेशन के जरिए ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
12,989
Messages
13,026
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top