मुंबई में होली के बाद मामूली विवाद में 22 साल के युवक को पीट-पीटकर मार डाला, 4 गिरफ्तार

होली के बाद मामूली विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार


मुंबई, 4 मार्च। मुंबई के वडाला इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार शाम को होली सेलिब्रेशन के बाद हुए एक मामूली विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि एक 22 साल के युवक की जान चली गई।

मृतक की पहचान तुषार उज्जैनवाला के रूप में हुई है। वडाला पुलिस ने इस मामले में चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे की है। वडाला के कोकरीपाड़ा इलाके में होली खेलने के बाद चारों आरोपी आपस में बैठकर बीयर पी रहे थे। माहौल सामान्य था, लेकिन तभी तुषार अपने एक दोस्त के साथ वहां से गुजर रहा था। इसी दौरान चलते-चलते तुषार का पैर आरोपियों में से एक के पैर से टच हो गया। बस इसी छोटी-सी बात पर कहासुनी शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने तुषार को गालियां दीं। इसके बाद तुषार घर पहुंचा और उसने अपने बड़े भाई को पूरी घटना बताई। इसके बाद तुषार और उसका भाई दोबारा मौके पर पहुंचे। बातचीत के दौरान माहौल फिर से गर्म हो गया।

आरोप है कि चारों युवकों ने मिलकर तुषार की बुरी तरह पिटाई शुरू कर दी। उसे लात-घूंसों और मुक्कों से पीटा गया। तुषार को गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन तब तक हालात बिगड़ चुके थे। तुषार को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही वडाला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
12,783
Messages
12,820
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top