मुंबई, 2 मार्च। मुंबई की भांडुप पुलिस ने हत्या के मामले में तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। इन तीनों ने अपने 14 साल के दोस्त की हत्या कर दी थी। बाद में उसकी लाश झील में फेंक दी ताकि यह लगे कि वह गलती से डूब गया।
मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि सिद्धार्थ 8वीं का छात्र था और अपने माता-पिता व छोटे भाई के साथ तुलशेत पाड़ा में रहता था। 22 फरवरी को सिद्धार्थ दोपहर 3 बजे घर से खेलने के लिए निकला था। जब वह शाम तक वापस नहीं आया, तो उसके परिवार ने उसे ढूंढना शुरू किया लेकिन रातभर उसका कोई सुराग नहीं मिला।
अगले दिन परिजनों ने पूरे मामले की जानकारी भांडुप पुलिस को दी। पुलिस ने नाबालिग होने के कारण किडनैपिंग का केस दर्ज किया और बिना देरी किए टीम बनाकर जांच शुरू की।
पुलिस की जांच में अगले दिन सिद्धार्थ की ग्रे टी-शर्ट और काली चप्पलें विहार झील के पास मिलीं। इसके बाद झील में सिद्धार्थ के होने की आशंका पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया और उसी शाम झील से उसका शव बरामद किया गया। शुरू में पुलिस को उसके डूबने का शक था और एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
बाद में पुलिस ने पूरे मामले की जांच के बाद हत्या होने पुष्टि की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और लोगों से पूछताछ में पुलिस को अहम सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने दोनों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने झूठा बयान दिया और वापस घर चले आए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने फिर से दोनों दोस्तों को बुलाया और उनसे अलग-अलग पूछताछ की। उन्होंने कथित तौर पर सिद्धार्थ पर हमला करने की बात कबूल की और एक दोस्त के शामिल होने की बात बताई। बाद में पुलिस ने तीनों दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक तीनों लड़के सिद्धार्थ से परेशान थे और कहा जाता है कि उन्हें वह घमंडी लगता था। उन्होंने उसे "सबक सिखाने" का फैसला किया और उसे झील के पास ले गए और मारकर झील में ही फेंक दिया। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से एक सिद्धार्थ का क्लासमेट था जबकि बाकी दो भांडुप के दूसरे स्कूल में आठवीं में पढ़ते थे। चारों लड़के भांडुप वेस्ट में एक ही इलाके में रहते थे।