इंग्लैंड के खिलाफ टी20 शतक जड़ने वाले सिर्फ 4 भारतीय! अभिषेक शर्मा ने जड़े थे 13 छक्के, बनाए थे 135 रन

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 शतक लगा चुके अभिषेक, सिर्फ 4 बल्लेबाजों के नाम सेंचुरी


नई दिल्ली, 2 मार्च। भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सेमीफाइनल-2 खेला जाना है। दोनों देशों के बीच अब तक कुल 29 टी20 मैच खेले गए हैं, जिसमें सिर्फ 4 ही बल्लेबाज शतक लगा सके हैं। ये चारों ही खिलाड़ी भारतीय हैं।

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 फॉर्मेट में भारत का पलड़ा मजबूत रहा है। टीम इंडिया ने इंग्लैंड के विरुद्ध 17 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि इंग्लैंड ने 12 मुकाबलों को जीता है। इस दौरान अभिषेक शर्मा सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज रहे हैं।

भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 मुकाबलों में अभिषेक शर्मा के अलावा, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल और रोहित शर्मा ने शतक लगाए हैं। अभिषेक ने 2 फरवरी 2025 को इस टीम के विरुद्ध 54 गेंदों में 135 रन की पारी खेली थी। इस दौरान उनके बल्ले से 13 छक्के और 7 चौके निकले। भारत ने इस मैच को 150 रनों के अंतर से जीता था।

वहीं, 10 जुलाई 2022 को सूर्यकुमार यादव ने इंग्लैंड के विरुद्ध मैनचेस्टर में 55 गेंदें खेलते हुए 6 छक्कों और 14 चौकों के साथ 117 रन बनाए थे। हालांकि, टीम इंडिया इस मैच को 17 रन से गंवा बैठी।

केएल राहुल ने 3 जुलाई 2018 को मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 101 रन बनाए थे। 55 गेंदों की इस पारी में केएल राहुल ने 5 छक्के और 10 चौके लगाए। 160 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 8 विकेट से मैच अपने नाम किया था।

इनके अलावा, रोहित शर्मा भारत-इंग्लैंड के बीच टी20 मैच में शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल हैं। रोहित ने 8 जुलाई 2018 को ब्रिस्टल में इंग्लैंड के खिलाफ 56 गेंदों में 5 छक्कों और 11 चौकों के साथ 100 रन की नाबाद पारी खेली थी। टीम इंडिया ने यह मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम किया था।

इंग्लैंड की तरफ से भारत के विरुद्ध टी20 मैच में सबसे बड़ी पारी एलेक्स हेल्स के नाम पर है, जिन्होंने 10 नवंबर 2022 को एडिलेड में खेले गए वर्ल्ड कप मैच में नाबाद 86 रन बनाए थे। 47 गेंदों की इस पारी में हेल्स ने 7 छक्के और 4 चौके लगाए थे। 169 रनों का पीछा करने उतरी इंग्लैंड ने यह मैच पूरे 10 विकेट से अपने नाम किया था।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
12,256
Messages
12,293
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top