ग्रेटर नोएडा: गंग नहर में गिरा 4 साल का मासूम अदनान लापता, NDRF ने संभाला मोर्चा, सघन तलाश जारी

ग्रेटर नोएडा: गंग नहर में चार साल का मासूम की डूबा, एनडीआरएफ ने चलाया खोज अभियान


ग्रेटर नोएडा, 28 फरवरी। ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में शुक्रवार शाम चार साल का मासूम गंग नहर में गिरकर लापता हो गया। घटना दौला रजपुरा गांव की है। शनिवार सुबह तक बच्चे का कोई सुराग नहीं लग सका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम को बुलाया है।

दौला रजपुरा गांव निवासी इसरार का चार वर्षीय पुत्र अदनान शुक्रवार शाम अपने बड़े भाई के साथ घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान पास से गुजर रही गंग नहर में एक नारियल बहता हुआ दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि नारियल को पकड़ने के लिए बड़ा भाई नहर में उतर गया, जबकि अदनान किनारे पर खड़ा होकर उसे देख रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक अदनान का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर नहर में जा गिरा। नहर में पानी का बहाव काफी तेज था, जिसके कारण बच्चा कुछ ही पलों में गहरे पानी में समा गया।

बड़े भाई ने शोर मचाया और परिवार को सूचना दी। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही दनकौर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से देर रात तक सर्च अभियान चलाया गया। अंधेरा और नहर का तेज बहाव राहत एवं बचाव कार्य में बड़ी बाधा साबित हुआ। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। टीम के पहुंचने के बाद विशेष उपकरणों और प्रशिक्षित गोताखोरों की मदद से नहर में सघन तलाशी अभियान चलाया जाएगा। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नहर किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और संवेदनशील स्थानों पर रेलिंग या बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
11,532
Messages
11,569
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top