भारत-इटली की रक्षा दोस्ती को मिली नई उड़ान, औद्योगिक साझेदारी से मज़बूत होगा सामरिक सहयोग

भारत-इटली रक्षा सहायोग को और मजबूत करने के ल‍िए आद्यौग‍िक साझेदारी बढ़ाने पर बनी सहमत‍ि


रोम, 27 फरवरी। भारत और इटली ने शुक्रवार को अहम स्ट्रेटेजिक डिफेंस प्रायोरिटी पर चर्चा की। रक्षा मंत्रालय में रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार और इटली की सशस्त्र सेनाओं के प्रमुख जनरल लुसियानो पोर्टोलानो के बीच एक बैठक हुई। इस बैठक में दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को गहरा करने के लिए औद्योगिक सहयोग को बढ़ाने पर सहमति बनी।

इटली में भारतीय दूतावास ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार ने इटली की सशस्त्र सेनाओं के प्रमुख जनरल लुसियानो पोर्टोलानो के साथ दोनों देशों की सामरिक रक्षा प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श किया। दोनों पक्षों ने भारत-इटली रक्षा सहयोग को गहरा करने के लिए औद्योगिक सहयोग को उन्नत करने के महत्व पर सहमति व्यक्त की।”

गुरुवार को कुमार ने इटली के अंडर सेक्रेटरी ऑफ स्टेट फॉर डिफेंस माटेओ पेरेगो डि क्रेमनागो और इटली के नेशनल आर्मामेंट्स डायरेक्टर एडमिरल जियासिंटो ओटावियानी से मुलाकात की।

बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने अपने-अपने रक्षा औद्योगिक तंत्र की परस्पर पूरक क्षमताओं का लाभ उठाकर सहयोग को बढ़ाने पर सहमति जताई।

रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “भारत-इटली रक्षा औद्योगिक सहयोग को सुदृढ़ करना। रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार ने इटली के रक्षा राज्य मंत्री मत्तेओ पेरेगो दी क्रेमनागो से बैठक की। उन्होंने इटली के राष्ट्रीय आयुध निदेशक एडमिरल जियाचिंतो ओत्तावियानी से भी मुलाकात की।”

बयान में कहा गया, “चर्चा में भारत-इटली की चल रही पहलों, औद्योगिक सहयोग और रक्षा उद्योग सहभागिता का मार्गदर्शन करने वाले नीतिगत ढांचों की समीक्षा की गई। दोनों पक्षों ने अपने-अपने रक्षा औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र की पूरक ताकतों का उपयोग कर सहयोग को और बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।”

कुमार ने रोम में आयोजित भारत-इटली रक्षा उद्योग संगोष्ठी में भी संबोधन दिया। इस संगोष्ठी में भारत की सोसायटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स (एसआईडीएम) और इटली की एयरोस्पेस, डिफेंस एंड सिक्योरिटी इंडस्ट्रीज फेडरेशन (एआईएडी) के तत्वावधान में दोनों देशों के रक्षा सार्वजनिक उपक्रमों (पीएसयूएस), कंपनियों और स्टार्टअप्स ने भाग लिया।

इटली में भारतीय दूतावास ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “रोम में आयोजित भारत-इटली रक्षा उद्योग संगोष्ठी में दोनों देशों के रक्षा पीएसयू, कंपनियों और स्टार्टअप्स की मजबूत भागीदारी रही। रक्षा उत्पादन सचिव और राष्ट्रीय आयुध निदेशक ने अपने मुख्य वक्तव्यों से चर्चा की पृष्ठभूमि प्रस्तुत की। बी2बी और बी2जी बैठकों ने औद्योगिक समन्वय और आपूर्ति शृंखलाओं के एकीकरण की संभावनाओं को तलाशने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया।”

पिछले दिसंबर में इटली के उप प्रधानमंत्री और विदेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री एंटोनियो तजानी ने नई दिल्ली की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। बैठक के दौरान पीएम मोदी ने भारत-इटली संबंधों को “लगातार मजबूत होते हुए” बताया और कहा कि गहराता सहयोग न केवल दोनों देशों के लिए बल्कि वैश्विक समुदाय के लिए भी सकारात्मक योगदान दे रहा है।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
11,266
Messages
11,303
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top