टी20 वर्ल्ड कप में विल जैक्स का हैरतअंगेज़ पलटवार, न्यूजीलैंड के जबड़े से इंग्लैंड ने छीनी 4 विकेट की जीत

टी20 वर्ल्ड कप: विल जैक्स और रेहान अहमद ने पलटी हारी हुई बाजी, इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया


कोलंबो, 27 फरवरी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड के मुकाबले में शुक्रवार को इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया। न्यूजीलैंड से मिले 160 रनों के लक्ष्य को इंग्लैंड ने 3 गेंद शेष रहते हुए 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। अंतिम ओवरों में विल जैक्स ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी के बूते हारी हुई बाजी को पलट दिया।

न्यूजीलैंड से मिले 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिल सॉल्ट महज 2 रन बनाकर मैट हेनरी का शिकार बने। इसके बाद खराब फॉर्म में चल रहे जोस बटलर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। दो विकेट जल्दी गंवाने के बाद कप्तान हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल ने इंग्लैंड की लड़खड़ाती हुई पारी को संभालने का प्रयास किया और तीसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़े।

ब्रूक 24 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बेथेल 4 चौकों की मदद से 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 58 रनों के स्कोर पर 4 विकेट गंवाने के बाद सैम करन और टॉम बैंटन ने मोर्चा संभाला और पांचवें विकेट के लिए 42 रन जोड़े। करन ने 22 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि बैंटन 3 चौके और एक छक्के की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुए। 117 रनों के स्कोर पर 6 विकेट गंवाकर इंग्लैंड की टीम मुश्किल में थी और जीत दूर जाती हुई दिख रही थी।

हालांकि, विल जैक्स और रेहान अहमद ने सिर्फ 16 गेंदों में 44 रनों की अटूट साझेदारी निभाते हुए इंग्लैंड को 4 विकेट से जीत दिला दी। जैक्स ने सिर्फ 18 गेंदों का सामना करते हुए 32 रनों की नाबाद पारी खेली। विल जैक्स ने पारी के 18वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स के खिलाफ 22 रन बनाए और यहीं से पूरा मुकाबला पलट गया। वहीं, रेहान ने 7 गेंदों में 19 रन बनाए और वह टीम को जीत दिलाकर लौटे। गेंदबाजी में न्यूजीलैंड की ओर से रचिन रविंद्र ने 19 रन देकर 3 विकेट निकाले, जबकि मैट हेनरी और फिलिप्स ने एक-एक विकेट चटकाया।

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 159 रन बनाए। टीम को टिम सीफर्ट और फिन एलन ने ताबड़तोड़ शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 6.6 ओवर में 64 रन जोड़े। सीफर्ट ने 25 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 35 रन बनाए। वहीं, एलन ने 19 गेंदों में 29 रनों का योगदान दिया। रचिन रविंद्र बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 11 रन बनाकर आउट हुए।

ग्लेन फिलिप्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 39 रन बनाए। डेरिल मिचेल सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हुए, तो मार्क चैपमैन ने 15 रनों का योगदान दिया। कप्तान मिचेल सैंटनर 9 रन बनाकर नाबाद रहे।

गेंदबाजी में इंग्लैंड की ओर से आदिल रशीद ने 4 ओवर के स्पेल में 28 रन खर्च करते हुए 2 विकेट निकाले। वहीं, विल जैक्स ने 23 रन देकर दो विकेट चटकाए। रेहान अहमद भी न्यूजीलैंड के दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजने में सफल रहे। इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार के साथ ही न्यूजीलैंड की सेमीफाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है। कीवी टीम को अब यह दुआ करनी होगी कि शनिवार को होने वाले मुकाबले में श्रीलंका पाकिस्तान को हराने में सफल रहे।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top