आगरा में एसटीएफ की मुठभेड़: 50 हज़ारी कुख्यात शूटर पवन उर्फ कल्लू घायल, लूटी पिस्टल मिली

यूपी के आगरा में एनकाउंटर: इनामी कुख्यात शूटर पवन उर्फ कल्लू घायल, लूट की पिस्टल बरामद


लखनऊ, 27 फरवरी। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (यूपी एसटीएफ) की नोएडा यूनिट एवं आगरा पुलिस की संयुक्त टीम और बदमाशों के बीच शुक्रवार को आगरा के एकता थाना क्षेत्र में मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ के दौरान एक कुख्यात बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स मीडिया सेल की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान घायल हुए बदमाश की पहचान पवन उर्फ कल्लू के रुप में हुई। वह गाजियाबाद के लोनी का रहने वाला बताया जा रहा है। बदमाश पवन कमिश्नरेट आगरा के थाना ताजगंज में दर्ज रंगदारी के मुकदमे में वांछित चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपए का इनाम रखा गया था।

पुलिस के अनुसार, पवन शासन द्वारा चिन्हित कुख्यात रणदीप भाटी-अमित कसाना गैंग का सक्रिय शूटर है। उसके खिलाफ हत्या के चार, रंगदारी के दो सहित कुल 18 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। साल 2021 में हत्या के एक मामले में उस पर एक लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था, जिसके बाद उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से भारी मात्रा में कारतूस और अवैध असलहे बरामद किए हैं।

बरामद 9 एमएम पिस्टल वर्ष 2016 में थाना बिसरख, गौतमबुद्ध नगर क्षेत्र में कांस्टेबल मोनू धीमन से लूटी गई थी। उस समय वह एडीजे की पीएसओ ड्यूटी में तैनात थे। इस संबंध में थाना बिसरख में केस नंबर 247/16 धारा 279/337/392/427 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज है।

जांच में यह भी सामने आया है कि जेल में रहने के दौरान पवन हरियाणा के कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के संपर्क में आ गया था। वर्ष 2025 में जेल से रिहा होने के बाद उसने बड़े पैमाने पर रंगदारी मांगना शुरू कर दिया था। पुलिस के अनुसार, वह उक्त गैंग के साथ मिलकर दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में था। फिलहाल घायल बदमाश का इलाज जारी है।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
11,317
Messages
11,354
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top