नई दिल्ली, 20 फरवरी। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने एआई समिट में यूथ कांग्रेस की ओर से किए गए विरोध प्रदर्शन को लेकर शुक्रवार को कहा कि भारत की जेन-जी कांग्रेस को नहीं माफ करेगी।
उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर देश के युवाओं, खासकर जेन-जी में भारी नाराजगी है और 'जेन-जी' कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी। पात्रा ने कहा कि भारत की तकनीकी प्रगति, स्टार्टअप पारिस्थितिकी और युवाओं की क्षमता का मजाक उड़ाया गया है, जो देश के हितों के खिलाफ है।
संबित पात्रा ने कांग्रेस की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी 'टॉपलेस, ब्रेनलेस और शेमलेस' बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस यह समझने में भी असफल रही कि जिस एआई समिट में विरोध किया गया, वह किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं बल्कि भारत का वैश्विक आयोजन था, जहां दुनिया भर के नेता मौजूद थे और भारत की उपलब्धियों की सराहना कर रहे थे।
भाजपा प्रवक्ता ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि अतीत में जवाहरलाल नेहरू की एक तस्वीर सांप सपेरे के साथ दुनिया में भारत की अलग छवि पेश करती थी। उनके अनुसार, आज के विरोध प्रदर्शन के जरिए भी भारत की आधुनिक और उभरती तकनीकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है।
संबित पात्रा ने कहा कि भारत की उपलब्धियों पर सवाल उठाना और पाकिस्तान की प्रशंसा करना देशहित के विपरीत है। जब पूरी दुनिया भारत की सराहना कर रही थी, उस समय इस प्रकार का विरोध दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
बता दें कि दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान शुक्रवार को 'यूथ कांग्रेस' के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। समिट के बीच हुए इस प्रदर्शन से कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बन गया। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट खोलकर नारेबाजी की और 'पीएम इज कंप्रोमाइज' के नारे लगाए। जिस वक्त समिट में यह विरोध प्रदर्शन किया गया, उस समय वहां पर देश-विदेश के कई दिग्गज और प्रतिनिधि मौजूद थे।
इसके बाद सुरक्षाकर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। सरकारी अधिकारियों, इंडस्ट्री के नेताओं और विदेशी डेलीगेट्स की भागीदारी वाले इस हाई-प्रोफाइल इंटरनेशनल इवेंट में इस तरह के प्रदर्शन को रोकने के लिए प्रदर्शनकारियों को तुरंत हिरासत में लिया गया और जगह से दूर ले जाया गया।