ग्रेटर नोएडा: प्रेम संबंध का खूनी अंत, पत्नी-प्रेमी ने पति को मार डाला; चार आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा : प्रेम संबंध के चलते पति की हत्या, चार गिरफ्तार


ग्रेटर नोएडा, 19 फरवरी। गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का दादरी थाने की पुलिस ने खुलासा किया।

पुलिस ने इस मामले में तीन अभियुक्तों (एक घायल) और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक बांका (आलाकत्ल), एक अवैध .315 बोर का तमंचा के साथ एक जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, कठहैरा रोड स्थित शिव वाटिका कॉलोनी के पास 16 फरवरी को एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, पम्पलेट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शव की शिनाख्त गोविन्द रावल उर्फ भूरा, निवासी ग्राम घोड़ी बछेड़ा, थाना दादरी के रूप में हुई। मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। 19 फरवरी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान रोहित रावल और नफीस को कोट नहर से ग्राम चक्रसेनपुर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया। नफीस मुठभेड़ में घायल हो गया। इसके अलावा, धर्मेन्द्र और मृतक की पत्नी प्रीति देवी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में रोहित ने बताया कि उसका मृतक की पत्नी प्रीति देवी के साथ अवैध संबंध था। गोविन्द शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था। इसी कारण प्रीति और रोहित ने मिलकर गोविन्द को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 12 फरवरी को रोहित ने गोविन्द को घर से बुलाया और अपने साथी धर्मेन्द्र की मोटरसाइकिल से दादरी ले आया।

जीटी रोड चिटहैरा पेट्रोल पंप के पास शराब लेने के बाद तीनों ने एक खाली प्लॉट में शराब पी। जब गोविन्द नशे में धुत हो गया तो रोहित ने उसके हाथ पकड़ लिए और नफीस ने बांका से वार कर उसकी हत्या कर दी। शव को पहले वहीं फेंक दिया गया और बाद में ठिकाने लगाने की कोशिश की गई।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी रोहित और नफीस के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी और एनडीपीएस एक्ट के मामले शामिल हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,573
Messages
8,605
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top