कैनबरा, 19 फरवरी। हरमनप्रीत कौर सर्वाधिक इंटरनेशनल मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। हरमनप्रीत ने यह कारनामा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मनुका ओवल में जारी दूसरे टी20 मुकाबले में किया। यह ऐतिहासिक मैच कौर का भारत के लिए 356वां इंटरनेशनल मुकाबला था, जिसके साथ उन्होंने न्यूजीलैंड की दिग्गज खिलाड़ी सूजी बेट्स के 355 मुकाबले के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
इस लिस्ट में वह ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी (349 मैच) और भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज (333 मैच) से आगे हैं। इंग्लैंड की दिग्गज खिलाड़ी शार्लेट एडवर्ड्स 309 मैचों के साथ टॉप-5 में हैं।
साल 2009 में अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करने वालीं हरमनप्रीत कौर ने अब तक अपने करियर में 6 टेस्ट, 161 वनडे और 189 टी20 मुकाबले खेले हैं।
अपने शानदार करियर के दौरान हरमनप्रीत ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को साल 2025 में पहला वनडे वर्ल्ड कप जिताने के साथ हाल ही में इंग्लैंड में टी20 सीरीज में जीत दिलाई। इस महीने की शुरुआत में, उन्हें भारतीय क्रिकेट में शानदार योगदान के लिए 'पद्म श्री' से भी सम्मानित किया गया था। भारतीय टीम ने सिडनी में खेले गए सीरीज के पहले मैच को डकवर्थ-लुईस नियम के आधार पर 21 रन से अपने नाम किया था।
सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम 18 ओवरों में महज 133 रन पर सिमट गई। जॉर्जिया वेयरहम ने 19 गेंदों में 4 चौकों के साथ 30 रन की पारी खेली, जबकि फोएबे लिचफील्ड ने 26 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। भारत की तरफ से अरुंधति रेड्डी ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि श्री चरणी और रेणुका ठाकुर ने 2-2 विकेट निकाले।
इसके जवाब में भारतीय टीम ने 5.1 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। इस पारी में शेफाली वर्मा ने सर्वाधिक 21 रन बनाए। स्मृति मंधाना ने नाबाद 16 रन की पारी खेली। हालांकि, भारी बारिश के कारण खेल रुक गया, और आगे कोई एक्शन मुमकिन नहीं होने पर, भारत को डकवर्थ लुईस नियम के तहत विजेता घोषित किया गया। इस जीत ने भारत को मल्टी-फॉर्मेट सीरीज में शुरुआती बढ़त दिला दी।