'द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड' पर केरल में संग्राम, CM विजयन ने बताया प्रोपेगेंडा, क्या लगेगी रोक?

क्या केरल में बैन होगी 'द केरल स्टोरी 2- गोज बियॉन्ड'? केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने किया विरोध


मुंबई, 19 फरवरी। विवादों में घिरी 'द केरल स्टोरी 2- गोज बियॉन्ड' का हिंदी ट्रेलर 18 फरवरी को रिलीज हो चुका है। दूसरी तरफ, गुरुवार को मेकर्स ने फिल्म का तेलुगु और कन्नड़ भाषा में भी ट्रेलर रिलीज कर दिया।

ट्रेलर रिलीज के साथ घमासान तेज हो गया है। केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन ने फिल्म को प्रोपेगेंडा और सेकुलरिज्म पर खतरा करार दिया है और साथ ही फिल्म का कड़ा विरोध भी किया है।

'द केरल स्टोरी 2' पर विरोध दर्ज करते हुए सीएम विजयन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म के बायकॉट की बात की है। उन्होंने लिखा, "नफरत फैलाने वाली फिल्म 'द केरल स्टोरी' के सीक्वल की रिलीज से जुड़ी खबरों को गंभीरता से लेना चाहिए। पहले भाग में दिखाए गए सांप्रदायिक एजेंडे और खुले झूठ को भलीभांति समझ चुके केरल ने धर्मनिरपेक्षता को धूमिल करने के इस प्रयास को एक बार फिर बायकॉट किया है।"

उन्होंने आगे लिखा, "यह बेहद चौंकाने वाला है कि सांप्रदायिक दंगे भड़काने के उद्देश्य से गढ़ी गई कहानियों को खुली छूट मिल जाती है, जबकि कला की आलोचनात्मक अभिव्यक्ति को दबा दिया जाता है। हमें एकजुट होकर अपनी सद्भावपूर्ण भूमि को आतंक का अड्डा साबित करने की इन कोशिशों का विरोध करना होगा। सत्य की जीत हमेशा होगी।"

केरल के मुख्यमंत्री विजयन के पोस्ट से साफ है कि फिल्म को केरल में रिलीज के समय काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। फिल्म को तेलुगू और कन्नड़ भाषा में भी रिलीज किया जाएगा।

विवाद पर प्रोड्यूसर विपुल शाह पहले ही साफ कर चुके हैं कि फिल्म का विरोध करने वाले सच्चाई को छिपाना चाहते हैं। उन्होंने हालिया इंटरव्यू में कहा था कि फिल्म में दिखाए गए लोग, जो हिंदू लड़कियों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ करते हैं, वो सिर्फ आरोपी नहीं, बल्कि आतंकी हैं। अगर आप ऐसे लोगों को एक्सपोज करने की कोशिश करेंगे तो उन्हें बुरा तो लगेगा ही और वे इसे झूठा भी साबित करने की कोशिश करेंगे।

फिल्म के पहले पार्ट को लेकर भी देश के कुछ राज्यों में विवाद हुआ था, लेकिन फिर भी फिल्म ने सफलता की ऊंचाईयों को छुआ था और वैसी ही उम्मीद फिल्म के सीक्वल से भी की जा रही है। फिल्म 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top