छत्रपति शिवाजी जयंती पर अशोक पंडित ने किया नमन, बताया 'हिम्मत और दूरदर्शिता के जनकेंद्रित नेतृत्व का उत्सव'

छत्रपति शिवाजी की जयंती पर अशोक पंडित ने 'मराठा सम्राट' को किया नमन


मुंबई, 19 फरवरी। छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर फिल्म निर्माता और सिनेमा एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक पंडित ने मराठा सम्राट को श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पर किए पोस्ट में उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज की जयंती केवल एक ऐतिहासिक शासक की स्मृति नहीं, बल्कि हिम्मत, दूरदर्शिता और जनकेंद्रित नेतृत्व का उत्सव है।

अशोक पंडित ने कहा कि आज के समय में भी महाराज के आदर्श हमें याद दिलाते हैं कि नेतृत्व का मतलब केवल सत्ता नहीं, बल्कि जनता की भलाई, न्याय और सम्मान की रक्षा करना है। उनकी दूरदर्शिता, साहस और जन-कल्याण की सोच आज भी प्रासंगिक है और युवाओं को प्रेरित करती है।

इंस्टाग्राम अकाउंट पर किए पोस्ट में अशोक पंडित ने कहा, “छत्रपति शिवाजी महाराज ने हिंदवी स्वराज्य का सपना देखा था। एक ऐसा राज्य जहां सभी समुदायों को स्वशासन, न्याय और सम्मान मिले। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए मजबूती से आवाज उठाई और एक ऐसा प्रशासनिक ढांचा तैयार किया जो अनुशासित, पारदर्शी और कुशल था। राजा के रूप में शिवाजी महाराज ने दया और ताकत के साथ शासन किया, डर के बजाय लोगों का भरोसा जीता।”

उन्होंने महाराज की रणनीतिक प्रतिभा की भी सराहना करते हुए लिखा, " शिवाजी के किले, नौसेना और सैन्य खुफिया तंत्र ने तेज और चतुर युद्धनीति का उदाहरण पेश किया। साथ ही उनके नैतिक मूल्यों ने उन्हें हर पीढ़ी के युवाओं और नेताओं के लिए एक प्रेरणा बना दिया। शिवाजी महाराज का जीवन सिखाता है कि सच्ची सफलता ईमानदारी, जिम्मेदारी और अपने सिद्धांतों पर अडिग रहने की हिम्मत से ही मिलती है।"

छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पूरे देश में उत्साह के साथ मनाई जा रही है। फिल्म जगत के साथ ही राजनीति जगत की तमाम हस्तियों ने मराठा सम्राट को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top