टी20 वर्ल्ड कप में दुबे का धमाका! 10 बाउंड्री से जड़ा तूफानी अर्धशतक, नीदरलैंड को 194 का पहाड़ जैसा लक्ष्य

टी20 वर्ल्ड कप: 10 बाउंड्री के साथ दुबे का तूफानी अर्धशतक, नीदरलैंड को जीत के लिए 194 रन का टारगेट


अहमदाबाद, 18 फरवरी। भारत ने नीदरलैंड को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 36वें मुकाबले में जीत के लिए 194 रन का टारगेट दिया है। इस पारी में शिवम दुबे ने 10 बाउंड्री के साथ तूफानी 66 रन बनाए।

बुधवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी ग्रुप-ए के अंतिम मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने खराब शुरुआत के बाद निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 193 रन बनाए।

टीम इंडिया को मैच की तीसरी गेंद पर अभिषेक शर्मा के रूप में बड़ा झटका लगा। अभिषेक इस विश्व कप की लगातार तीसरी पारी में 'शून्य' पर आउट हुए, जिसके बाद ईशान किशन ने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 39 रन की साझेदारी की। ईशान इस पारी में 7 ही गेंदों का सामना कर सके, जिसमें 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 18 रन बनाए।

यहां से तिलक वर्मा ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ तीसरे विकेट के लिए 30 रन जोड़े। तिलक ने 4 बाउंड्री के साथ 31 रन बनाए। भारतीय टीम 69 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो चुकी थी, यहां से सूर्या ने शिवम दुबे के साथ चौथे विकेट के लिए 27 गेंदों में 41 रन जोड़कर टीम को 110 के स्कोर तक पहुंचाया।

कप्तान सूर्या 28 गेंदों में 34 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद शिवम दुबे ने हार्दिक पंड्या के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 गेंदों में 76 रन जोड़कर भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। दुबे 31 गेंदों में 6 छक्कों और 4 चौकों के साथ 66 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पंड्या ने 21 गेंदों में 3 छक्कों के साथ 30 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से लोगन वैन बीक ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले, जबकि आर्यन दत्त ने 2 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, काइल क्लेन ने 1 सफलता प्राप्त की।

भारत की प्लेइंग इलेवन: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।

नीदरलैंड की प्लेइंग इलेवन: माइकल लेविट, मैक्स ओ'डॉड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (विकेटकीपर/कप्तान), जैक लायन-कैशेट, रोएलोफ वैन डर मर्व, लोगन वैन बीक, आर्यन दत्त, काइल क्लेन, नोआ क्रॉस।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top