रांची में सनसनी: मांगलिक कार्यक्रम से लौटे दो शख्स तीन दिन बाद कुएं में मृत मिले, रहस्य गहराया

रांची के रातू में कुएं से मिले दो व्यक्तियों के शव, तीन दिन से थे लापता


रांची, 18 फरवरी। रांची के रातु थाना क्षेत्र के बसाईर टोली तिगरा गांव स्थित एक कुएं से बुधवार को दो व्यक्तियों के शव बरामद किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों तीन दिन पहले एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे, लेकिन इसी दौरान लापता हो गए थे।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हादसा का प्रतीत हो रहा है। मृतकों की पहचान बेड़ो थाना क्षेत्र के जरिया गांव निवासी बंधन भगत (50) और पुनई उरांव (60) के रूप में की गई है। दोनों रविवार को तिगरा गांव में आयोजित ‘लोटा-पानी’ रस्म में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद से ही वे लापता हो गए थे।

परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन दो दिनों तक उनका कोई सुराग नहीं मिला। स्थानीय ग्रामीणों ने बुधवार को गांव के एक कुएं में दो शव तैरते देखे। सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बताया जाता है कि ग्रामीणों ने बिना पुलिस को सूचित किए स्वयं ही दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाल लिया। पहचान होने के बाद बेड़ो से पहुंचे परिजन शवों को अपने साथ गांव ले गए।

इस दौरान पुलिस को औपचारिक सूचना नहीं दी गई, जिससे कानूनी प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर रातू थाना पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम जरिया गांव पहुंची और दोनों शवों को वापस रातू लाई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस संबंध में यूडी केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,213
Messages
8,245
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top