नासिक महाकुंभ 2026 की भव्य तैयारियां, लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु आतंकी मुकाबले का अभ्यास 'त्र्यंबक' सफल

नासिक महाकुंभ 2026 की तैयारियां तेज, जॉइंट काउंटर टेरर अभ्यास सफलतापूर्वक संपन्न


नाशिक, 18 फरवरी। आगामी महाकुंभ 2026 को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र के नासिक शहर में ‘एक्स त्र्यंबक’ नाम से 48 घंटे का संयुक्त काउंटर टेरर अभ्यास सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

इस बड़े सुरक्षा अभ्यास का नेतृत्व नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) और नाशिक सिटी पुलिस ने संयुक्त रूप से किया। प्रशासन के अनुसार, महाकुंभ के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के नाशिक पहुंचने की संभावना है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही है।

अभ्यास का संचालन एनएसजी की 26 स्पेशल कंपोजिट ग्रुप (टास्क फोर्स) ने किया, जिसका नेतृत्व ग्रुप कमांडर कर्नल अभिषेक सिंह ने किया। इस संयुक्त अभियान में लगभग 150 सुरक्षा कर्मियों ने हिस्सा लिया। ड्रिल का आयोजन नाशिक के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों, त्र्यंबकेश्वर मंदिर और कालाराम मंदिर में किया गया, जहां महाकुंभ के दौरान भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है।

अभ्यास के दौरान संभावित आतंकी हमले की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की क्षमता का परीक्षण किया गया। साथ ही विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल, संयुक्त ऑपरेशन की प्रक्रिया और यूनिफाइड कमांड एवं कंट्रोल सिस्टम की प्रभावशीलता को परखा गया। भीड़ प्रबंधन, आपात स्थिति में निकासी और घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने जैसी परिस्थितियों का वास्तविक अभ्यास कराया गया।

इस संयुक्त अभ्यास में एनएसजी के अलावा नाशिक सिटी पुलिस, राज्य रिजर्व पुलिस बल, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड, फायर ब्रिगेड, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग, एंबुलेंस सेवा, स्थानीय प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी एजेंसियों ने समन्वित तरीके से काम करते हुए अलग-अलग परिदृश्यों पर अभ्यास किया।

प्रशासन ने बताया कि इस ड्रिल का मुख्य उद्देश्य महाकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं समन्वित प्रतिक्रिया देने के लिए सभी एजेंसियों को पूरी तरह तैयार रखना है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभ्यास भविष्य में भी जारी रहेंगे, ताकि महाकुंभ 2026 शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top