टी20 वर्ल्ड कप में नॉर्त्जे का तूफानी प्रदर्शन! तेज गेंदबाजों में बने नंबर-2, मलिंगा से बस एक कदम दूर

टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले तेज गेंदबाजों में 'नंबर-2' बने एनरिक नॉर्त्जे


नई दिल्ली, 18 फरवरी। साउथ अफ्रीका ने यूएई के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 34वें मुकाबले को 6 विकेट से जीता। इस मुकाबले में एनरिक नॉर्त्जे ने 4 ओवरों में 28 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। इसी के साथ नॉर्त्जे टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने वाले तेज गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।

नॉर्त्जे ने साल 2021 से अब तक 20 टी20 वर्ल्ड कप मुकाबलों में 37 विकेट हासिल किए हैं, जबकि पूर्व श्रीलंकाई खिलाड़ी लसिथ मलिंगा 31 मुकाबलों में 38 विकेट लेकर शीर्ष पर मौजूद हैं। साउथ अफ्रीकी टीम सुपर-8 में तीन मैच खेलेगी, जिसमें नॉर्त्जे के पास मलिंगा से आगे निकलने का मौका होगा।

तेज गेंदबाजों की इस लिस्ट में टिम साउदी तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने 25 मुकाबलों में 36 विकेट निकाले, जबकि पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज उमर गुल ने अपने करियर में 24 टी20 वर्ल्ड कप मैच खेले, जिसमें 35 विकेट निकाले। कीवी गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट 18 मुकाबलों में 34 विकेट के साथ इस लिस्ट में पांचवें पायदान पर हैं।

बुधवार को अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी यूएई की टीम ने 6 विकेट खोकर 122 रन बनाए। आर्यांश शर्मा ने मुहम्मद वसीम के साथ 4.3 ओवरों में 38 रन जुटाए। वसीम 12 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए, जबकि आर्यांश ने 13 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे अलीशान शरफू ने 38 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 45 रन की पारी खेली, जबकि मुहम्मद अरफान ने 11 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा, कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। विपक्षी खेमे से कॉर्बिन बॉश ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि एनरिक नॉर्त्जे ने 2 शिकार किए। इनके अलावा, जॉर्ज लिंडे ने 1 विकेट निकाला।

इसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम ने 13.2 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। इस पारी में डेवाल्ड ब्रेविस ने 25 गेंदों में 36 रन का योगदान दिया, जबकि कप्तान एडेन मार्करम ने 28 रन की पारी खेली। रयान रिकेल्टन ने 30 रन टीम के खाते में जोड़े। यूएई की तरफ से हैदर अली, मुहम्मद जवादुल्लाह, मुहम्मद अरफान और मुहम्मद फारूक ने 1-1 विकेट निकाला।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,245
Messages
8,277
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top