मनोज बाजपेयी और अनिल कपूर हुए मैक्रों से रूबरू, सिनेमा-संस्कृति पर हुई अहम बातचीत; तस्वीरें हुईं वायरल

मनोज बाजपेयी और अनिल कपूर ने फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से की मुलाकात, सिनेमा पर गहन चर्चा की सराहना


मुंबई, 17 फरवरी। अभिनेता मनोज वाजपेयी समेत अन्य ने मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। अभिनेता ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम पर राष्ट्रपति मैक्रों के साथ तस्वीर साझा करते हुए इस मुलाकात को सम्मान की बात बताया।

मनोज ने लिखा, “आज के लंच में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों से मिलना सम्मान की बात रही। उनकी गर्मजोशी के साथ-साथ सिनेमा, संस्कृति और देशों के बीच पुल बनाने में कहानी कहने की भूमिका पर हुई चर्चा की स्पष्टता और गहराई ने विशेष रूप से प्रभावित किया।”

उन्होंने आगे कहा कि भारत और फ्रांस के बीच सिनेमा और संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग को लेकर हुई बातचीत यह याद दिलाती है कि आज की दुनिया में विचारशील नेतृत्व और सांस्कृतिक संवाद कितने महत्वपूर्ण हैं।

वहीं, अभिनेता अनिल कपूर ने भी राष्ट्रपति मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिजिट मैक्रों के साथ मुलाकात को प्रेरणादायक बताया। अनिल कपूर ने कहा कि सिनेमा, संस्कृति और भारत-फ्रांस के बीच मजबूत रिश्तों पर विचारों का आदान-प्रदान बेहद खास रहा। उन्होंने लिखा, “भारत-फ्रांस दोस्ती के नाम और उन कहानियों के नाम, जो अभी कही जानी बाकी हैं।”

राष्ट्रपति मैक्रों 17 से 19 फरवरी 2026 तक भारत के तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर हैं। वह पहले मुंबई पहुंचे और फिर नई दिल्ली में आयोजित ‘इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ में हिस्सा लेंगे। यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रहा है और भारत की उनकी चौथी आधिकारिक यात्रा है।

दौरे का मुख्य उद्देश्य ‘होराइजन 2047 रोडमैप’ के तहत भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा और उसे और मजबूत करना है। बातचीत में रक्षा सहयोग, व्यापार, प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा शामिल है।

रक्षा क्षेत्र में अतिरिक्त राफेल लड़ाकू विमानों की संभावित खरीद और औद्योगिक सहयोग पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। साथ ही एआई, नवाचार और रणनीतिक क्षेत्रों में साझेदारी को नई दिशा देने पर जोर दिया जा रहा है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
7,931
Messages
7,963
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top