टी20 विश्व कप 2026: कंगारूओं पर खतरा! जिम्बाब्वे आज आयरलैंड को हराकर करेगा बाहर, सुपर-8 में लेगा एंट्री?

टी20 विश्व कप 2026 : ऑस्ट्रेलिया को बाहर का रास्ता दिखाकर सुपर-8 में जाना चाहेगा जिम्बाब्वे, आज होंगे रोचक मुकाबले


नई दिल्ली, 17 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया की लगातार हार के बाद टूर्नामेंट ने बेहद रोमांचक मोड़ ले लिया है। कंगारूओं की इस स्थिति ने आज का दिन विश्व कप में बेहद रोमांचक बना दिया है, जहां तीन मुकाबले खेले जाने हैं और सबकी नजरें आयरलैंड और जिम्बाब्वे के मैच पर रहेंगी।

दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में गिनी जाने वाली ऑस्ट्रेलिया को अपने ग्रुप चरण अभियान में पहले जिम्बाब्वे से अप्रत्याशित हार झेलनी पड़ी, और फिर 16 फरवरी की रात श्रीलंका के खिलाफ भी शिकस्त का सामना करना पड़ा। अब समीकरण यह है कि यदि आज होने वाले मुकाबले में जिम्बाब्वे आयरलैंड को हरा देता है, तो ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप चरण से ही टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ेगा। वहीं जिम्बाब्वे सुपर स्टेज में प्रवेश कर जाएगा।

पहले बात दिन के शुरुआती मैच से करते हैं। दिन का पहला मुकाबला ग्रुप डी में चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजे शुरू होगा, जिसमें न्यूजीलैंड का सामना कनाडा से होगा।

न्यूजीलैंड ने अपने अभियान की शुरुआत अफगानिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ जीत के साथ की थी, लेकिन तीसरे मुकाबले में उसे दक्षिण अफ्रीका से 7 विकेट से हार मिली। दूसरी ओर कनाडा की टीम अब तक अपने दोनों मुकाबले हार चुकी है। उसे पहले दक्षिण अफ्रीका और फिर संयुक्त अरब अमीरात ने पराजित किया।

न्यूजीलैंड इस मुकाबले को जीतकर दक्षिण अफ्रीका के साथ अगले चरण में जगह पक्की करना चाहेगा और कनाडा का अभियान ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो जाएगा।

आज का सबसे रोमांचक मुकाबला आयरलैंड और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाएगा। यह मैच श्रीलंका के पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे शुरू होगा।

ऑस्ट्रेलिया की टीम इस मैच में आयरलैंड की जीत की कामना करेगी, जबकि जिम्बाब्वे एक और जीत दर्ज कर ऑस्ट्रेलिया को बाहर का रास्ता दिखाना चाहेगा।

जिम्बाब्वे का अभियान अब तक शानदार रहा है। उसने अपने पहले मैच में ओमान को 8 विकेट से हराया और दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से पराजित किया। वहीं आयरलैंड ने अब तक तीन में से सिर्फ एक मैच जीता है, जिसमें उसने ओमान को 96 रन से हराया था। इससे पहले उसे श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी।

दिन का तीसरा और अंतिम मुकाबला ग्रुप सी में स्कॉटलैंड और नेपाल के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे शुरू होगा।

स्कॉटलैंड ने अपने तीन में से केवल एक मैच जीता है। उसे इटली के खिलाफ 73 रन की जीत मिली थी, जबकि अन्य मुकाबलों में उसे वेस्टइंडीज और इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा।

नेपाल ने भी अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन इंग्लैंड से करीबी हार के बाद उसकी लय बिगड़ गई। इसके बाद उसे इटली से 10 विकेट और वेस्टइंडीज से 9 विकेट से हार झेलनी पड़ी।

हालांकि इस ग्रुप से वेस्टइंडीज और इंग्लैंड पहले ही अगले चरण के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं, इसलिए स्कॉटलैंड और नेपाल टूर्नामेंट में आगे नहीं बढ़ पाएंगे। फिर भी यह मुकाबला सम्मान की लड़ाई के रूप में देखा जाएगा।

आज के तीनों मैच न सिर्फ ग्रुप समीकरण बदल सकते हैं, बल्कि कई बड़ी टीमों की किस्मत का फैसला भी करेंगे।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top