भिवाड़ी हादसे पर नीतीश कुमार का दिल पसीजा, बिहार के 5 मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख की सहायता

सीएम नीतीश कुमार ने भिवाड़ी हादसे पर जताया दुख, बिहार के मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा


पटना, 16 फरवरी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजस्थान के भिवाड़ी में हुए हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना में मारे गए बिहार के 5 मजदूरों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपए अनुग्रह अनुदान देने का ऐलान किया।

सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि राजस्थान के भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से हुए हादसे में मजदूरों की मृत्यु अत्यंत दुःखद। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है। इस हादसे में बिहार के 5 मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपए अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है।

नीतीश कुमार ने आगे कहा कि स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली को राजस्थान सरकार से आवश्यक समन्वय स्थापित कर मृतकों के पार्थिव शरीर को बिहार लाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।

वहीं, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने दुख जताते हुए कहा कि राजस्थान के भिवाड़ी में हुए फैक्ट्री आग हादसे में मजदूर भाइयों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिवारों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें तथा घायलों को शीघ्र स्वस्थ होने की कृपा करें।

मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि भिवाड़ी, राजस्थान में फैक्ट्री में लगी भीषण आग की घटना में मजदूर भाइयों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक एवं दुःखद है। यह हादसा न सिर्फ कई परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि हम सभी को गहन पीड़ा देने वाला है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें, शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें तथा इस दुर्घटना में घायल सभी श्रमिकों को शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 'एक्स' पोस्ट में दुख जताते हुए लिखा कि भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री में आग लगने से हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद है। जिला प्रशासन को राहत व बचाव कार्य के लिए निर्देशित किया है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
7,603
Messages
7,635
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top