महाशिवरात्रि व्रत के बाद कुट्टू का आटा खाकर दर्जनों लोग बीमार, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मचा हड़कंप, अस्पताल में भर्ती

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कुट्टू का आटा खाने से 10 से अधिक लोग बीमार, अस्पताल में भर्ती


ग्रेटर नोएडा, 16 फरवरी। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख क्षेत्र में महाशिवरात्रि के व्रत समापन के बाद कुट्टू का आटा खाने से दो दर्जन से अधिक लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी प्रभावित लोगों को नजदीकी निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

राहत की बात यह है कि सभी मरीजों की स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है और कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज भी कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 15 फरवरी 2026 को थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत हिमालय प्राइड सोसाइटी, रॉयल कोर्ट सोसाइटी और सुपरटेक इकोविलेज-3 सोसाइटी में रहने वाले निवासियों ने महाशिवरात्रि का व्रत रखा था।

व्रत खोलने के दौरान लोगों ने अपनी-अपनी सोसाइटी परिसर में स्थित दुकानों से कुट्टू का आटा खरीदकर उसका सेवन किया। देर रात अचानक कई लोगों को उल्टी, पेट दर्द और घबराहट की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते अलग-अलग सोसायटियों से बीमार लोगों की संख्या बढ़ने लगी। परिजनों ने तुरंत एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से मरीजों को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निजी अस्पतालों में पहुंचाया।

डॉक्टरों के अनुसार प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि अधिकांश मरीजों को निगरानी में रखा गया है और उनकी हालत स्थिर है। मामले की सूचना मिलते ही थाना बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जिन दुकानों से कुट्टू का आटा खरीदा गया था, उन दुकानदारों की पहचान कर एक विक्रेता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही खाद्य विभाग की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। खाद्य विभाग द्वारा संदिग्ध आटे के सैंपल लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी खाद्य सामग्री को खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और पैकेजिंग की जांच अवश्य करें। घटना के बाद सोसायटी निवासियों में आक्रोश है और वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
7,494
Messages
7,526
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top