टीपू सुल्तान विवाद: भाजपा का उद्धव सेना पर करारा वार, राम कदम बोले - बाला साहेब की सेना अब 'सोनिया सेना' बनी

महाराष्ट्र: टीपू सुल्तान विवाद पर भाजपा नेता ने कहा, 'उद्धव सेना अब पूरी तरह सोनिया सेना बनी'


मुंबई, 16 फरवरी। महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के टीपू सुल्तान की तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज से किए जाने के बाद से राज्य की राजनीति गरमाई हुई है। इसी बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक रामकदम ने कांग्रेस की सहयोगी शिवसेना-यूबीटी पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि पूरी तरह से उद्धव की सेना अब सोनिया सेना बन चुकी है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में राम कदम ने कहा, "अगर स्वर्गीय बाला साहेब ठाकरे जीवित होते, तो जिस प्रकार का बयान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष ने दिया है, खुद अपने जूते या चाबुक से उसका समाचार लेते। लेकिन बाला साहेब की विचारधारा पूरी तरह राहुल गांधी के चरणों में रखने वाले उद्धव ठाकरे और उनके समस्त नेता चुप बैठे हैं।"

भाजपा विधायक ने सवाल किया, "क्या कारण है? हाथ में रुद्राक्ष की माला पहनने का ढोंग करने वाले उद्धव ठाकरे, जब छत्रपति शिवाजी महाराज का कांग्रेस की नेता अवमानना कर रहे हैं, तो आप बोल क्यों नहीं रहे? क्या यह आपका हिंदुत्व है? कहां खो गया तुम्हारा हिंदुत्व? यह पूरी तरह से उद्धव की सेना अब सोनिया सेना बनी है, यह फिर एक बार सिद्ध हो गया।"

आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत पर राम कदम ने कहा, "हम भारतीय टीम का जितना अभिनंदन करें, उतना कम है। क्योंकि जब भी मैच होता है, भारतीय टीम साहस और शौर्य के साथ बड़ी ईमानदारी और लगन के साथ मैच जीतती है।"

भाजपा विधायक राम कदम ने इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 पर कहा, "जिस प्रकार से पूरे विश्व में एआई के कारण आने वाले भविष्य के कई अवसर निर्माण हो रहे हैं, उसको लेकर आज उस सम्मेलन को संबोधित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वहां उपस्थित होंगे और इस एआई की नई तकनीक का व्यापार जगत में, शिक्षा जगत में और आरोग्य जगत में किस प्रकार से उपयोग हो सकता है, इस पर सभी महानुभाव विचार करेंगे व इस विषय को आगे बढ़ाएंगे।"

उन्होंने कहा कि आने वाला भविष्य डाटा और एआई का है। इसलिए भविष्य को सही समय पर भांप लेना एक उत्तम नेता की पहचान होती है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया की ताकत को बहुत पहले ही समझ लिया था। अब एआई की ताकत भी वे समझ चुके हैं।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top