राशिद खान का छलका दर्द: दक्षिण अफ्रीका से सुपर ओवर की हार दिमाग से नहीं निकलती, मैच हमारे हाथ में था

दक्षिण अफ्रीका से मिली हार कभी दिमाग से नहीं जाती: राशिद खान


नई दिल्ली, 15 फरवरी। टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप स्टेज के मैच में अफगानिस्तान को एक रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। दूसरे सुपरओवर में मिली हार को अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान अब तक भूल नहीं पाए हैं।

राशिद खान ने कहा, "सच कहूं तो, यह बहुत मुश्किल है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपरओवर में मिली हार जैसी हार को दिमाग से निकाल पाना बहुत मुश्किल होता है। वह मैच हमारे हाथ में था। इसके बावजूद हम नहीं जीत सके।"

सोमवार को अरुण जेटली स्टेडियम में यूएई के खिलाफ होने वाले मैच से पहले राशिद ने मीडिया के साथ बातचीत में कहा, "2023 विश्व कप में वानखेड़े में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला गया मैच, वह कभी दिमाग से नहीं जाता, जब तक कि हम 2024 (टी20) विश्व कप में उनके खिलाफ जीत नहीं गए और फिर धीरे-धीरे वह दिमाग से निकल गया।"

राशिद ने कहा, "यह काफी निराशाजनक है। पिछले डेढ़ साल से हमने इसके लिए कड़ी मेहनत की है। सबसे जरूरी बात यह है कि हमने किस माइंडसेट के साथ खेला और कितनी मेहनत की। मुझे लगता है कि यह बहुत जरूरी है। यह न सिर्फ आने वाले मैचों में, बल्कि हमारे आने वाले क्रिकेट में भी हमारी मदद करेगा।"

ग्रुप मैचों में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद अफगानिस्तान टूर्नामेंट से बाहर होने के कगार पर खड़ा है।

इस पर राशिद ने कहा, "साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड जैसे बड़े देशों के खिलाफ नियमित मैच न होने की वजह से उनकी टीम दबाव वाले मैचों के लिए कम तैयार थी। अगर आपको किसी बड़ी टीम के खिलाफ खेलने का मौका नहीं मिलता है, तो ऐसा ही होता है। अगर हम साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ ज्यादा टी20 खेलते, तो हमें अंदाजा होता कि यह टीम हमें कहां हरा सकती है और हम कहां बेहतर कर सकते हैं। अगर आप साल में एक बार उनके साथ खेलते हैं, और वह भी विश्व कप कप इवेंट में, तो यह ऐसा समय होता है जब आपके पास गलती करने का विकल्प नहीं होता।"

उन्होंने कहा, "अगर आप न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चार दिन में दो मैच खेलते हैं, तो आपका विश्व कप चार दिन में खत्म हो सकता है, और हमारे साथ ऐसा हुआ। हम दोनों मैच चार दिन में हार गए और वर्ल्ड कप से बाहर हो गए। तो, यह दबाव अलग है। आपको मानसिक और शारीरिक तौर पर तैयार रहना होगा। अगर आप एक छोटी सी गलती करते हैं, तो आप कॉम्पिटिशन से बाहर हो जाते हैं।"

राशिद ने कहा, "अगर आप उनके साथ खेलते हैं, तो आपको अंदाजा हो जाएगा। अगर आप नहीं खेलते हैं, तो वे हर बार नई प्लानिंग के साथ आएंगे, जिसके खिलाफ आपको नहीं पता कि कैसे खेलना है। जैसा कि हमने न्यूजीलैंड के साथ देखा, वे एक आक्रामक माइंडसेट के साथ आए थे। सोचिए अगर हमने उनके साथ पहले कोई सीरीज खेली होती और हमें पता होता कि अगर वे कुछ विकेट जल्दी खो देते तो उनका माइंडसेट क्या होता।"

उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि ज्यादा कुछ गलत हुआ है। हमने अच्छा क्रिकेट खेला, लेकिन थोड़े अनलकी रहे। आपने पिछला मैच देखा, हम बहुत करीब थे, हम दूसरे सुपरओवर में थे। मुझे लगता है कि इससे पता चलता है कि हमने मेहनत की।"

अफगानिस्तान को टी20 विश्व कप में यूएई और कनाडा के खिलाफ 2 मैच और खेलने हैं। यूएई के खिलाफ 16 और कनाडा के खिलाफ 19 फरवरी को मैच है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
7,203
Messages
7,235
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top