झामुमो को बड़ा झटका! पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने समर्थकों संग थामा भाजपा का दामन, दलित सम्मान को बताया वजह

झारखंडः पूर्व मंत्री और झामुमो के नेता दुलाल भुइयां समर्थकों के साथ भाजपा में हुए शामिल


रांची, 15 फरवरी। झारखंड के पूर्व मंत्री और झामुमो के वरिष्ठ नेता दुलाल भुइयां ने रविवार को अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली।

रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित भव्य मिलन समारोह में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहु और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने उन्हें पार्टी का पटका और माला पहनाकर स्वागत किया।

दुलाल भुइयां ने भाजपा में शामिल होने को भुइयां समाज का सर्वसम्मत निर्णय बताते हुए कहा कि वे अब जीवन पर्यंत भाजपा नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दलित समाज को सम्मान और न्याय दिया है, इसलिए वे पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।

तीन बार के विधायक रह चुके दुलाल भुइयां ने कहा कि पार्टी की ओर से दी जाने वाली हर जिम्मेदारी का वह पूरी निष्ठा के साथ निर्वाह करेंगे। समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा परिवार नहीं, बल्कि विचार की पार्टी है, जिसका लक्ष्य अंत्योदय और दलित, शोषित, वंचित तथा पिछड़े समाज के उत्थान का संकल्प है।

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गांव, गरीब और किसान को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रही है। साहू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दलित और आदिवासी समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, जबकि भाजपा ने उन्हें सम्मान देने का काम किया।

उन्होंने कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार में दलितों के साथ अन्याय हो रहा है और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। निकाय चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की बड़ी जीत का दावा किया।

पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि दुलाल भुइयां केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि दलित समाज की आवाज हैं। उनके भाजपा में आने से पार्टी की पकड़ समाज के अंतिम पायदान तक मजबूत होगी। उन्होंने झामुमो पर राज्य के आम लोगों के हितों की उपेक्षा का आरोप लगाया। समारोह में दुलाल भुइयां के अलावा 200 से भी अधिक लोगों ने भाजपा की सदस्यता हासिल की।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,712
Messages
16,749
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top