रांची, 15 फरवरी। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रांची के ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर से भगवान भोलेनाथ की भव्य और पारंपरिक बारात धूमधाम के साथ निकाली गई। दूत-भूत, गणों और विभिन्न पौराणिक स्वरूपों में सजे कलाकारों ने बारात को आकर्षक स्वरूप दिया।
“बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा। इस मौके पर सीएम हेमंत सोरेन, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय सहित कई विशिष्ट लोग भी उपस्थित रहे। महाशिवरात्रि के अवसर पर पहाड़ी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए दूर-दराज के इलाकों से लोग पहुंचे। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
पुलिस और प्रशासन की टीमों ने भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था संभाली, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी पहाड़ी मंदिर पहुंचे और महाशिवरात्रि महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने पारंपरिक विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आस्था, संयम और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद सभी पर सदैव बना रहे और झारखंड निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर में हर वर्ष श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ता है और इस बार भी हजारों-हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया और उनके सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना की।
शिव बारात आयोजन महासमिति, पहाड़ी मंदिर, रांची की ओर से मुख्यमंत्री का पारंपरिक स्वागत और अभिनंदन किया गया। डमरू, नगाड़ों और शंखनाद की गूंज के बीच हजारों श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए। बारात मंदिर परिसर से निकलकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी रहा।