हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारा 4-लेन होगा! मोदी कैबिनेट ने ₹3175 करोड़ की मंजूरी दी, तेलंगाना को मिलेगी रफ्तार

हैदराबाद-पणजी राष्ट्रीय राजमार्ग को 4-लेन करने की परियोजना को मंजूरी, कैबिनेट की बैठक में फैसला


नई दिल्ली, 14 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने तेलंगाना राज्य में हैदराबाद–पणजी आर्थिक गलियारे पर गुडबेल्लूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 के खंड को 4-लेन मानक में विस्तारित करने को मंजूरी दे दी है।

इस परियोजना की कुल लंबाई 80.01 किलोमीटर है तथा इसकी कुल पूंजीगत लागत 3,175.08 करोड़ रुपए है। यह परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग (अन्य) योजना के अंतर्गत हाइब्रिड एन्युटी मोड (एचएएम) पर क्रियान्वित की जाएगी।

वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग-167 के मौजूदा मार्ग पर गुडबेल्लूर से महबूबनगर के बीच अत्यंत खराब ज्यामितीय संरचना तथा नगर क्षेत्रों में बढ़ते यातायात दबाव के कारण यात्रा समय में उल्लेखनीय विलंब हो रहा है।

यह मार्ग गुडबेल्लूर, मगनूर, मकथल, मरिकल, देवरकद्रा, जकलेर, येलिगंडला तथा बंदरपल्ली जैसे अत्यधिक शहरीकृत नगरों/ग्रामों से होकर गुजरता है। इन क्षेत्रों में आने वाली चुनौतियों के समाधान के लिए इस परियोजना को 4-लेन मानक के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है।

यह परियोजना तेलंगाना राज्य के नारायणपेट और महबूबनगर जिलों को महत्वपूर्ण लाभ प्रदान करेगी। इससे माल ढुलाई की दक्षता बढ़ेगी, लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आएगी तथा क्षेत्र में सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

यह परियोजना दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों (एनएच-150 और एनएच-167एन) को एकीकृत करती है, जिससे तेलंगाना राज्य के प्रमुख आर्थिक, सामाजिक और लॉजिस्टिक क्षेत्रों के साथ निर्बाध संपर्क सुनिश्चित होगा। इसके अतिरिक्त, उन्नत कॉरिडोर तीन पीएम गतिशक्ति आर्थिक नोड्स, नौ सामाजिक नोड्स और सात लॉजिस्टिक नोड्स को संपर्क प्रदान करते हुए मल्टी-मॉडल एकीकरण एवं सुगम संपर्क को सुदृढ़ करेगा, जिससे क्षेत्र में माल और यात्रियों की आवाजाही और अधिक तीव्र होगी।

परियोजना पूर्ण होने पर राष्ट्रीय राजमार्ग-167 का उन्नयन कार्य क्षेत्रीय आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रमुख धार्मिक एवं आर्थिक केंद्रों के मध्य संपर्क को सुदृढ़ करेगा और व्यापार और औद्योगिक विकास के लिए नए अवसर सृजित करेगा।

प्रस्तावित 80.01 किलोमीटर लंबी एक्सेस-कंट्रोल्ड 4-लेन परियोजना से लगभग 14.4 लाख व्यक्ति-दिवस का प्रत्यक्ष रोजगार तथा 17.9 लाख व्यक्ति-दिवस का अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होगा। साथ ही प्रस्तावित कॉरिडोर के आसपास आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि के परिणामस्वरूप अतिरिक्त रोजगार के अवसर भी उत्पन्न होंगे।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top