सम्राट चौधरी ने अपराधियों को दी चेतावनी, 'इलाका छोड़ दें, नहीं तो जेल जाने के लिए रहें तैयार'

सम्राट चौधरी ने अपराधियों को दी चेतावनी, 'इलाका छोड़ दें, नहीं तो जेल जाने के लिए रहें तैयार'


मोतिहारी, 14 फरवरी। बिहार के उप मुख्यमंत्री सह गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को प्रदेश के अपराधियों को चेतावनी देते हुए दो टूक कहा कि अगर कोई अपराधी बिहार में है तो वे नेपाल की तराई में निकल जाएं, नहीं तो उन्हें इस प्रदेश में रहने का अधिकार नहीं मिलने वाला है।

मोतिहारी के पिपरा कृषि विज्ञान केन्द्र में आयोजित लघु एवं सीमांत कृषक कार्यशाला सह बागवानी एवं पशु मेला कार्यक्रम में उन्होंने किसानों, वैज्ञानिकों और कृषि विशेषज्ञों के साथ आधुनिक कृषि, प्राकृतिक खेती, श्री अन्न, ड्रोन तकनीक एवं जलवायु-अनुकूल खेती पर विस्तृत संवाद किया।

इस मौके पर उन्होंने अपराधियों को सख्त लहजे में कहा कि उन्हें या तो जेल जाना पड़ेगा या कहीं और भी जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में किसी भी हाल में सुशासन चाहिए। यह प्रदेश अपराधियों का हब नहीं, उद्योगों का हब बनेगा। उन्होंने उपस्थित लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि इसी वर्ष मोतिहारी और चकिया के चीनी मिल का काम शुरू होगा।

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार बिहार के किसानों के कल्याण, आय वृद्धि, आधुनिक तकनीक और आत्मनिर्भर कृषि के लिए संकल्पित है। इसको लेकर कई काम किए जा रहे हैं। कृषि के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को लेकर किसानों को जागरूक किया जा रहा है, जिससे उनकी उत्पादकता में वृद्धि हो सके।

सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार किसानों और आम लोगों के हित में लगातार काम कर रही है। बीते 20 दिनों में बिहार के 50 लाख किसानों ने निबंधन कराया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उद्योग, कृषि और आधारभूत संरचना को मजबूत कर बिहार को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है, जिसका परिणाम भी दिख रहा है। इस अवसर पर कृषि मंत्री राम कृपाल यादव और सांसद राधा मोहन सिंह भी उपस्थित रहे।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
6,935
Messages
6,967
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top