सीएम की महारैली से पहले विधायक तंवर की दो टूक, तावडू को गुरुग्राम में शामिल करने की मांग पर अड़े

विधायक तेजपाल तंवर ने उठाई तावडू को गुरुग्राम जिले में शामिल करने की मांग, सीएम की रैली में रखेंगे बात


तावडू, 14 फरवरी। तावडू के विधायक तेजपाल तंवर ने एक बार फिर जोर-शोर से तावडू क्षेत्र को गुरुग्राम जिले में शामिल करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि यह लंबे समय से चली आ रही पुरानी मांग है और इसे वे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष मजबूती से रखेंगे।

विधायक ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया जल्द पूरी होनी चाहिए। कुछ गांव तावडू के गुरुग्राम में शामिल हो सकते हैं, लेकिन हमारी मांग पूरे तावडू को गुरुग्राम जिले में शामिल करने की है। विधायक ने कहा, “मैं इस मुद्दे को हमेशा मजबूती से उठाता रहा हूं और अब मुख्यमंत्री की महारैली में इसे फिर से उनके समक्ष रखने की कोशिश करूंगा।”

यह मांग ऐसे समय में जोर पकड़ रही है, जब 15 फरवरी को तावडू की अनाज मंडी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ‘सोहना-तावडू विकसित महारैली’ होने जा रही है। यह तावडू में मुख्यमंत्री की पहली विशेष रैली होगी, जिसमें केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह भी उपस्थित रहेंगे।

प्रशासन और भाजपा ने रैली की तैयारियां पूरी कर ली हैं। रैली सुबह 11 बजे आयोजित होगी, जहां मुख्यमंत्री क्षेत्र के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में करीब 700-750 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे।

इसमें 5 डीएसपी, 19 इंस्पेक्टर और 78 एसआई/एसएसआई सहित अतिरिक्त बल शामिल होंगे। हेलीपैड से रैली स्थल तक 2.5 किमी क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस लगातार पेट्रोलिंग करेगी। तीन प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। एक वीआईपी के लिए और दो आमजन के लिए। मंडी के पीछे पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।

शनिवार को डीसी अखिल पिलानी, एसपी राजेश कुमार, विधायक तेजपाल तंवर और भाजपा पदाधिकारियों ने अंतिम निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री रैली में करीब 15 परियोजनाओं का उद्घाटन/शिलान्यास करेंगे, जिनमें मुख्य रूप से तावडू गर्ल्स स्कूल का नवनिर्मित भवन, रेवाड़ी रोड पर मॉडर्न तालाब और नई पार्क, पुराने ऐतिहासिक किले का जीर्णोद्धार और पर्यटन विकास शामिल हैं। क्षेत्रवासियों को इन विकास कार्यों से बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद है।

स्थानीय युवा, क्षेत्रवासी और भाजपा कार्यकर्ताओं में रैली को लेकर जबरदस्त उत्साह है। लोग इसे सोहना-तावडू के विकास के लिए ऐतिहासिक अवसर मान रहे हैं। विधायक की गुरुग्राम विलय वाली मांग से चर्चा फिर तेज हो गई है, जो रैली में और जोर पकड़ सकती है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
6,909
Messages
6,941
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top