दिल्ली पुलिस का ड्रग्स माफिया पर कड़ा प्रहार, 68 लाख से ज्यादा की संपत्ति फ्रीज कर तोड़ी आर्थिक कमर

दिल्ली पुलिस की ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 68 लाख रुपए से ज्यादा की अवैध संपत्ति फ्रीज


नई दिल्ली, 13 फरवरी। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने ड्रग्स के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 68 लाख रुपए से अधिक की अवैध संपत्ति फ्रीज और जब्त की है।

यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ड्रग तस्करी से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर कानूनी प्रक्रिया के तहत फ्रीज किया गया।

इस कार्रवाई में दुकानों, कारों, स्कूटरों, मोटरसाइकिलों, नकदी और बैंक खातों में जमा रकम को शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि ड्रग्स के अवैध कारोबार से कमाई गई संपत्ति पर सख्ती से प्रहार करना उनकी प्राथमिकता है, ताकि नशे के नेटवर्क की आर्थिक कमर तोड़ी जा सके।

पुलिस के मुताबिक, पहले मामले में हेरोइन तस्करों से जुड़ी 7.6 लाख रुपए की संपत्ति फ्रीज की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से हेरोइन की तस्करी में शामिल थे और इसी कमाई से संपत्ति बनाई गई थी। पुलिस ने संबंधित दस्तावेजों और बैंक लेनदेन की जांच के बाद यह कार्रवाई की।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दूसरे मामले में साइकोट्रोपिक ड्रग्स के रैकेट से जुड़ी 60.69 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी प्रतिबंधित दवाओं की अवैध सप्लाई कर रहे थे और उससे भारी मुनाफा कमा रहे थे। पुलिस ने ठोस सबूत जुटाने के बाद संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया पूरी की।

पुलिस के मुताबिक, इस सफल ऑपरेशन का नेतृत्व इंस्पेक्टर राकेश दुहन ने किया। पूरी कार्रवाई एसीपी सतेन्द्र मोहन के मार्गदर्शन और डीसीपी संजीव कुमार यादव की निगरानी में अंजाम दी गई। अधिकारियों ने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
13,949
Messages
13,986
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top