पंजाब बोर्ड का ऐतिहासिक कदम: मार्च से डिजिटल मूल्यांकन, छात्रों को मिलेंगे तेज, निष्पक्ष और पारदर्शी परिणाम

पंजाब बोर्ड शुरू करेगा ऑन स्क्रीन मार्किंग सिस्टम, छात्रों को मिलेगा निष्पक्ष और पारदर्शी परिणाम


चंडीगढ़, 13 फरवरी। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) मार्च में होने वाली परीक्षाओं के लिए ऑन स्क्रीन मार्किंग सिस्टम शुरू करेगा। यह जानकारी शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने शुक्रवार को दी।

उन्होंने कहा कि पंजाब देश के उन पहले राज्य बोर्डों में शामिल होगा जो पूरी तरह डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली अपनाएंगे। इससे उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के तरीके में बड़ा बदलाव आएगा।

शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा, “इस डिजिटल सिस्टम से स्कैन की गई उत्तर पुस्तिकाओं को शिक्षक कंप्यूटर पर जांच सकेंगे। सॉफ्टवेयर अपने आप अंक जोड़ देगा, जिससे परिणाम जल्दी और ज्यादा सटीक आएंगे। यह प्रणाली पहले ही अपनी प्रभावशीलता साबित कर चुकी है।

उन्होंने कहा, “सितंबर 2025 की पूरक परीक्षाओं के दौरान इस सिस्टम से 23,000 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच तेज और सही तरीके से की गई थी।”

अच्छे नतीजों को देखते हुए पीएसईबी इस साल मैट्रिक परीक्षा के एक विषय में ऑन-स्क्रीन मार्किंग लागू करेगा। बाद में इसे चरणबद्ध तरीके से अन्य विषयों में भी लागू किया जाएगा।

तकनीकी सुरक्षा उपायों के बारे में बताते हुए मंत्री बैंस ने कहा, “नई डिजाइन की गई उत्तर पुस्तिका के हर पेज पर एक अलग क्यूआर कोड होगा, जिससे सुरक्षित स्कैनिंग और डिजिटल प्रोसेसिंग संभव होगी। ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) सिस्टम के तहत उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित माहौल में स्कैन कर केंद्रीय डैशबोर्ड पर अपलोड किया जाएगा। वहां परीक्षक ऑनलाइन जांच करेंगे, जहां अंक अपने आप जुड़ेंगे। तय मार्किंग स्कीम लागू होगी और काम की प्रगति की निगरानी भी की जा सकेगी।”

शिक्षा मंत्री ने कहा, “यह सिर्फ तकनीकी बदलाव नहीं है, बल्कि हमारे बच्चों के भविष्य के मूल्यांकन की पूरी व्यवस्था में बड़ा सुधार है। इससे हर छात्र को परीक्षा में निष्पक्षता, तेजी और सटीकता मिलेगी।”

पीएसईबी के चेयरमैन अमरपाल सिंह ने कहा कि इस प्रणाली से छात्रों को एक समान मूल्यांकन और पूरी पारदर्शिता का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा, “हमारे शिक्षक भी साफ-सुथरे डिजिटल सिस्टम पर काम करेंगे, जिससे एकरूपता और सही रिकॉर्ड रखने में मदद मिलेगी।”

उन्होंने यह भी बताया कि मार्च में इसे लागू करने के लिए बोर्ड ने सभी तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

अमरपाल सिंह ने कहा, “ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) सिस्टम पंजाब की अपने छात्रों के प्रति प्रतिबद्धता की गारंटी है।”
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
14,009
Messages
14,046
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top