उपराष्ट्रपति और केंद्रीय गृह मंत्री ने 'सेवा तीर्थ' के लोकार्पण को ऐतिहासिक पल बताया

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और अमित शाह ने 'सेवा तीर्थ' के लोकार्पण को ऐतिहासिक पल बताया


नई दिल्ली, 13 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नए प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) सेवा तीर्थ का उद्घाटन किया। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे एक ऐतिहासिक पल बताया है।

उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 'सेवा तीर्थ' का अनावरण एक ऐतिहासिक पल है। यह भारत के आत्मनिर्भर और विकसित भारत की ओर आगे बढ़ने का प्रतीक है, जो अतीत के प्रतीकों और औपनिवेशिक विरासत से आगे बढ़कर सेवा और कर्तव्य पर आधारित आदर्शों को अपना रहा है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में लिखा कि भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में जनसेवा को ही सर्वोपरि रखने की दिशा में आज का दिन ऐतिहासिक है, जब पीएम मोदी ने नए प्रधानमंत्री कार्यालय ‘सेवा तीर्थ’ का लोकार्पण किया है। यह ‘सेवा तीर्थ’ पिछले 11 वर्षों से पीएम मोदी के नेतृत्व में सेवा-भाव से चल रही सरकार के संकल्प का प्रतीक है। हर देशवासी तक विकास और जन-कल्याणकारी कार्यों की पहुंच सुनिश्चित कर, विकसित व आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में यह मील का पत्थर सिद्ध होने वाला है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 'सेवा तीर्थ' का उद्घाटन नए भारत की आधुनिक कार्य-संस्कृति के एक गौरवशाली अध्याय की शुरुआत है। यह परिसर अत्याधुनिक कार्यालय होने के साथ-साथ प्रधानमंत्री मोदी के उस विजन का जीवंत स्वरूप है, जहां सेवा को ही सबसे पवित्र कर्तव्य माना गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय का एक ही छत के नीचे आना शासन प्रक्रियाओं को अत्यंत सरल बनाने तथा जनता के लिए व्यवस्थाओं को अधिक सुगम और प्रभावी बनाने के संकल्प को सिद्ध करता है। सेवा तीर्थ से नीतियों के क्रियान्वयन में अधिक सुगमता आएगी तथा विकसित भारत के हमारे साझा संकल्प को नई ऊर्जा प्राप्त होगी। इस ऐतिहासिक पहल के लिए प्रधानमंत्री का हार्दिक अभिनंदन।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पीएम मोदी ने सेवा तीर्थ को राष्ट्र को समर्पित किया। इस आधुनिक परिसर में प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय अब एक ही स्मार्ट कार्यालय में एकीकृत रूप से कार्य करेंगे। पेपरलेस कार्य-संस्कृति, डिजिटल अभिलेखागार तथा अत्याधुनिक कॉन्फ्रेंस कक्षों से सुसज्जित यह परिसर प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव और बेहतर समन्वय का प्रतीक है।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
14,038
Messages
14,075
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top