जमशेदपुर में सनसनीखेज फल कारोबारी हत्याकांड का खुलासा, पुलिस ने दो मुख्य शूटरों को पिस्टल संग दबोचा

जमशेदपुर में कारोबारी की हत्या के मामले में दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद


जमशेदपुर, 13 फरवरी। झारखंड के जमशेदपुर में फल कारोबारी कन्हैया यादव की गोली मारकर हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित सिंह और गुरुप्रीत सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें छापेमारी कर रही हैं। इस वारदात को लेकर मृतक कन्हैया यादव की पत्नी कुसुम देवी के बयान पर जमशेदपुर के गोलमुरी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें प्रदीप पाठक उर्फ बिल्ला पाठक, गोलू पाठक, सुमित सिंह, अनुराग मिश्रा और एक अज्ञात व्यक्ति को नामजद किया गया है।

उल्लेखनीय है कि 11 फरवरी को गोलमुरी थाना के समीप कन्हैया यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मृतक के सिर में दो, पेट में एक और पैर में एक गोली लगी थी। गंभीर रूप से घायल कन्हैया की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के समय कन्हैया यादव के साथ उनका सहयोगी रंजीत शर्मा उर्फ काली भी मौजूद था। फायरिंग शुरू होते ही वह जान बचाने के लिए भागकर पास स्थित सिटी डीएसपी कार्यालय परिसर में घुस गया, जिससे उसकी जान बच सकी। हत्या की वारदात के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी।

बुधवार रात बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने गोलमुरी थाना का घेराव किया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। गुरुवार सुबह आक्रोशित परिजनों और स्थानीय निवासियों ने टिनप्लेट चौक को जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और शेष नामजद अभियुक्तों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
6,547
Messages
6,579
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top