गिरावट के बाद सोने-चांदी का डबल धमाका, निवेशकों की खरीदारी से कीमतों में आया बड़ा उछाल

कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव का दौर, गिरावट के बाद फिर चढ़े सोने-चांदी के भाव


मुंबई, 13 फरवरी। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन, शुक्रवार को कीमती धातुओं (सोने और चांदी) की कीमतों में तेजी देखी गई। पिछले सत्र में इनकी कीमतों में बड़ी गिरावट आई थी जिसके बाद निवेशकों ने खरीदारी की, जिससे दाम फिर बढ़ गए।

शुरुआती कारोबारी सत्र में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 1 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 1,54,837 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया, जो दिन का उच्चतम स्तर है। वहीं मार्च डिलीवरी वाली चांदी 2.50 प्रतिशत से ज्यादा उछलकर 2,43,699 रुपए प्रति किलोग्राम के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई।

हालांकि खबर लिखे जाने तक (करीब 11.32 बजे) एमसीएक्स पर 2 अप्रैल की एक्सपायरी वाला सोना 0.60 प्रतिशत यानी 923 रुपए की तेजी के साथ 1,53,759 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था, तो वहीं 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी 1.92 प्रतिशत यानी 4,531 रुपए की उछाल के साथ 2,40,966 रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।

पीएल कैपिटल के निदेशक संदीप रायचुरा ने कहा कि जनवरी के अंत में आई गिरावट के बाद सोना फिर से संभल गया है। एक्सपर्ट का कहना है कि साल 2026 के अंत तक सोने की कीमत 6,000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ व्यापार समझौते को मंजूरी दी है और ब्राजील के साथ भी समझौते का संकेत दिया है, जिससे व्यापार से जुड़ी चिंताएं कुछ कम हुई हैं। हालांकि, बढ़ती महंगाई और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में आर्थिक मतभेद के कारण केंद्रीय बैंक अभी भी सोना खरीद रहे हैं।

बाजार के जानकारों ने बताया कि सोने को 1,54,000 रुपए प्रति 10 ग्राम पर सपोर्ट मिल रहा है, तो वहीं चांदी को 2,42,000 रुपए प्रति किलो के आसपास सपोर्ट मिल रहा है। उनका कहना है कि हाल की गिरावट केवल मुनाफा वसूली थी, बाजार की कमजोरी नहीं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर सोना 4,850 से 5,100 डॉलर के बीच कारोबार कर रहा है। हाल ही में यह 5,500 से 5,600 डॉलर तक पहुंचा था, जिसके बाद इसमें गिरावट आई। वहीं चांदी 73 से 84 डॉलर के बीच कारोबार कर रही है, जो पहले 121 डॉलर से ऊपर पहुंच गई थी।

शुक्रवार को डॉलर इंडेक्स बढ़कर 97 पर पहुंच गया, जो पिछले सत्र में 96.93 था।

निवेशक अब अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं, ताकि यह समझा जा सके कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व आगे ब्याज दरों के बारे में क्या फैसला ले सकता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि चांदी की आपूर्ति कम और औद्योगिक मांग स्थिर बनी हुई है, जिससे इसकी कीमतों को सहारा मिल रहा है। वहीं सोने की सुरक्षित निवेश के रूप में मांग और केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी से आने वाले कुछ वर्षों में सोने में तेजी जारी रह सकती है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
6,561
Messages
6,593
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top