बांग्लादेश चुनाव में बीएनपी ने रचा इतिहास! चेयरमैन तारिक रहमान बोले- हमें मिली 'ऐतिहासिक बहुमत'

बीएनपी बांग्लादेश चुनाव में 'ऐतिहासिक जीत' के लिए तैयार है : पार्टी चेयरमैन तारिक रहमान


ढाका, 13 फरवरी। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष तारिक रहमान ने कहा है कि उनकी पार्टी देश के नेशनल पार्लियामेंट चुनाव में “ऐतिहासिक जीत” हासिल करने जा रही है। स्थानीय मीडिया ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सिन्हुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, बीएनपी के वरिष्ठ संयुक्त महासचिव रूहुल कबीर रिज़वी ने एक अलग बयान में देश की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी को चुनाव में बहुमत सीटें मिली हैं, जो बड़ी सफलता है।

स्थानीय मीडिया की शुरुआती मतगणना रिपोर्ट के अनुसार, देशभर के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों से मिले रुझानों में बीएनपी को आधे से ज्यादा सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं। यह चुनाव गुरुवार को कराया गया था।

हालांकि, चुनाव के दौरान कई जगहों से धांधली, मतदाताओं को पैसे देकर प्रभावित करने और हिंसा की घटनाओं की खबरें भी सामने आई हैं। बताया गया है कि बांग्लादेश में हुए 13वें संसदीय चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति कई स्थानों पर खराब रही।

इसी बीच, ज़ैनल अबेदीन नामक जमात-ए-इस्लामी के एक नेता को मतदान के दौरान पैसे बांटने के आरोप में हिरासत में लिया गया। यह घटना तंगाइल जिले के मिर्जापुर उपज़िला के गोराई यूनियन के रणाशाल गांव में हुई।

उपज़िला के सहायक आयुक्त (भूमि) और मोबाइल कोर्ट के मजिस्ट्रेट तारेक अज़ीज़ ने इस घटना की पुष्टि की। उन्होंने आरोपी पर 3,000 बांग्लादेशी टका का जुर्माना लगाया।

इसके अलावा, देश के कई मतदान केंद्रों पर हिंसा भड़कने की भी खबर है। मतदान के दौरान एक राजनीतिक नेता की मौत होने की जानकारी सामने आई है।

सुबह मतदान शुरू होते ही कई स्थानों पर तनाव की स्थिति बन गई। इन घटनाओं से यह संकेत मिलता है कि बांग्लादेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चुनौतियां मौजूद हैं।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top