एएफसी अंडर-17 एशियन कप 2026: भारत के सामने उज्बेकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, उत्तर कोरिया की चुनौती, ग्रुप डी में घमासान

एएफसी अंडर-17 एशियन कप 2026: भारत ग्रुप डी में उज्बेकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और डीपीआर कोरिया के साथ


नई दिल्ली, 12 फरवरी। एएफसी अंडर-17 एशियन कप सऊदी अरब 2026 के लिए हुए फाइनल ड्रॉ में भारत को ग्रुप डी में मौजूदा चैंपियन उज्बेकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और डीपीआर कोरिया (उत्तर कोरिया) के साथ रखा गया है। ड्रॉ का आयोजन गुरुवार को कुआलालंपुर स्थित एएफसी मुख्यालय में किया गया।

यह टूर्नामेंट 5 से 22 मई तक सऊदी अरब में खेला जाएगा। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी और साथ ही फीफा अंडर-17 विश्व कप कतर 2026 के लिए भी क्वालीफाई करेंगी।

भारत ने क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन करते हुए ईरान, लेबनान, फिलिस्तीन और चाइनीज ताइपे को पीछे छोड़कर इतिहास में 10वीं बार इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है। ‘ब्लू कोल्ट्स’ अपने अभियान की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेंगे, इसके बाद उनका सामना उज्बेकिस्तान और डीपीआर कोरिया से होगा।

उज्बेकिस्तान मौजूदा चैंपियन के रूप में टूर्नामेंट में उतरेगा और उसने सीधे प्रवेश पाया है। ऑस्ट्रेलिया, जो 2025 संस्करण में ग्रुप चरण से बाहर हो गया था, ने क्वालीफायर में जॉर्डन, भूटान और फिलीपींस को हराकर 2026 संस्करण में जगह बनाई। वहीं दो बार का पूर्व चैंपियन डीपीआर कोरिया 2025 में सेमीफाइनल तक पहुंचा था और उसने भी स्वतः क्वालीफाई किया है।

ग्रुप डी को बेहद प्रतिस्पर्धी माना जा रहा है, जहां भारत को तीन मजबूत टीमों से कड़ी चुनौती मिलेगी।

अन्य ग्रुप इस प्रकार हैं:

ग्रुप ए: सऊदी अरब (मेजबान), ताजिकिस्तान, थाईलैंड, म्यांमार

ग्रुप बी: जापान, इंडोनेशिया, चीन पीआर, कतर

ग्रुप सी: कोरिया गणराज्य, यमन, वियतनाम, संयुक्त अरब अमीरात

ग्रुप डी: उज्बेकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, भारत, डीपीआर कोरिया

फीफा अंडर-17 विश्व कप में जगह दांव पर होने के कारण भारत की युवा टीम इस बार महाद्वीपीय मंच पर दमदार प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,519
Messages
16,556
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top