चिन्नास्वामी स्टेडियम में फिर होगी क्रिकेट की धूम! वेंकटेश प्रसाद को कैबिनेट के सकारात्मक फैसले की उम्मीद

एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच के आयोजन पर कैबिनेट के फैसले का इंतजार: वेंकटेश प्रसाद


बेंगलुरु, 12 फरवरी। कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने गुरुवार को राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर से मुलाकात की। लगभग 2 घंटे चली बैठक का मुख्य मुद्दा बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट की वापसी रही। वेंकटेश प्रसाद ने कहा कि हम सरकार की तरफ से सकारात्मक परिणाम की उम्मीद कर रहे हैं।

बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए वेंकटेश प्रसाद ने कहा, "स्टेडियम से जुड़े फैसले को लेकर कोई विलंब नहीं हुआ है। हम अपने गृह मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उनके द्वारा गठित कमेटी ने ठीक उसी प्रकार मेहनत की है जिस प्रकार हम कर रहे हैं। कमेटी हमें अनुमति देने के लिए ही कड़ी मेहनत कर रही है। हमें उन्हें समय देना होगा। गुरुवार को कैबिनेट की बैठक होनी है। बैठक के बाद ही कोई फैसला आने वाला है। मुझे सकारात्मक फैसले की उम्मीद है।"

केएससीए अध्यक्ष ने कहा, "मैं गृह मंत्री द्वारा गठित विशेष कमेटी के अध्यक्ष और पुलिस अधिकारियों को धन्यवाद देना चाहता हूं। सभी ने हमारा भरपूर सहयोग किया है। कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन और आरसीबी को एक साथ मिलकर कड़ी मेहनत करनी होगी। हमने कमेटी को सभी जरूरी कार्यों को पूरा करने का टाइमलाइन भी दिया है। यह क्रिकेट के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दिखाता है।"

प्रसाद ने कहा, "चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल मैचों को ही वापस लाना मेरा उद्देश्य नहीं है। मैं अंतरराष्ट्रीय मैचों को भी वापस लाना चाहता हूं। मैंने खुद इस ऐतिहासिक स्टेडियम में देश के लिए खेला है। मुझे पता है कि हमारे फैन क्रिकेट को लेकर कितने जानकार हैं। स्टेडियम में क्रिकेट की वापसी कराना मेरी जिम्मेदारी है और मैं इसके लिए हर जरूरी प्रयास कर रहा हूं।"

उन्होंने कहा, "स्टेडियम में आने वाले दर्शकों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। 1996 के विश्व कप में एक मैच के दौरान इस स्टेडियम में जहां 38 हजार दर्शक थे, वहीं स्टेडियम के बाहर भी उतने ही दर्शक थे, लेकिन कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। पिछले साल जो कुछ हुआ वो दुर्भाग्यपूर्ण था, और मैं उम्मीद करता हूं कि भविष्य में ऐसा फिर नहीं होगा।"

आरसीबी ने आईपीएल 2025 का खिताब जीता था। टीम का यह पहला खिताब था। आरसीबी ने खिताब के जश्न का कार्यक्रम 4 जून को रखा था। कार्यक्रम में अनुमान से अधिक फैंस जुटे थे और भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद राज्य सरकार ने इस स्टेडियम को सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए मैच न कराने का आदेश दिया।

आईपीएल 2026 से पहले कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन और आरसीबी मैनेजमेंट की कोशिश स्टेडियम को मैच के लिए फिर से तैयार करने की है। इसके लिए राज्य सरकार की कैबिनेट द्वारा गुरुवार की शाम को आने वाला फैसला अहम होगा।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top