विधानसभा में सीएम नीतीश ने RJD विधायक भाई वीरेंद्र से पूछा स्वेटर का राज, जवाब मिला- ये आपका ही दिया हुआ है

बिहार : सीएम नीतीश ने राजद विधायक को स्वेटर के लिए टोका, भाई वीरेंद्र का जवाब- आपने ही दिया है


पटना, 12 फरवरी। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गुरुवार को सदन में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक भाई वीरेंद्र और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच नोकझोंक देखने को मिली। हालांकि, बाद में सदन में हल्की खुशी का माहौल बन गया।

दरअसल, विधायक भाई वीरेंद्र ने अपने क्षेत्र मनेर और बिहटा के विभिन्न क्षेत्रों के पानी में आर्सेनिक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे कई पंचायतों के लोग गंभीर बीमारी से त्रस्त हो रहे हैं।

उन्होंने सरकार से पूछा कि इन क्षेत्रों में आर्सेनिक की मात्रा की जांच कराई गई है या नहीं और कराई गई है तो कितना पाया गया है?

भाई वीरेंद्र के इस सवाल का जवाब मंत्री संजय सिंह दे ही रहे थे कि मुख्यमंत्री ने राजद विधायक भाई वीरेंद्र से इशारों ही इशारों में उनके स्वेटर को लेकर सवाल कर दिया।

इस पर भाई वीरेंद्र ने तंज भरे अंदाज में जवाब दिया, ''मुख्यमंत्री जी, आपने ही स्वेटर दिया है, इसलिए पहना है। आपने ही छोटे भाई को दिया था। आप भूल जाते हैं, समय पर दवा खाइए तो नहीं भूलिएगा।"

इस जवाब के बाद माहौल हंसी का दिखा। इसके बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खड़े होकर कहा कि पानी में आर्सेनिक की जांच कराई जाएगी, लेकिन मुख्यमंत्री का स्वेटर को लेकर सवाल इसलिए था क्योंकि मौसम अब उतना ठंडा नहीं है। सीएम सिर्फ ठंड को लेकर चिंता जता रहे थे।

इस क्रम में सरकार की ओर से मंत्री संजय सिंह ने जवाब देते हुए कहा कि 9 फरवरी 2026 को जांच कराई गई थी और रिपोर्ट में आर्सेनिक की मात्रा करीब शून्य पाई गई है। इस जवाब से विधायक संतुष्ट नहीं दिखे। उन्होंने गलत जांच और गलत जानकारी देने का आरोप लगाया।

इस पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने फिर कहा कि विधायक जांच चाहते हैं कि खुद जांच टीम के साथ जाना चाहते हैं। विधायक ने कहा कि आर्सेनिक युक्त पानी का मुद्दा गंभीर है।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,382
Messages
16,419
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top