बेंगलुरु में दहला देने वाला रोड रेज: बोनट पर शख्स को लटकाए SUV दौड़ाता रहा ड्राइवर, हत्या के प्रयास का केस

बेंगलुरु रोड रेज मामला: बोनट पर लटके व्यक्ति को लेकर दौड़ाई एसयूवी, ड्राइवर पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज


बेंगलुरु, 12 फरवरी। बेंगलुरु शहर में रोड रेज का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक एसयूवी चालक ने गुस्से में एक व्यक्ति को कार के बोनट पर लटकाए हुए कई मीटर तक गाड़ी दौड़ा दी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।

हलासुरु पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान सुरेश के रूप में हुई है। मामले की जांच जारी है।

शिकायत के अनुसार, 36 वर्षीय नंजुंडा (जो त्यागराजनगर के निवासी हैं और पेशे से ड्राइवर तथा फूल व्यापारी हैं) बुधवार को होसकोटे से फूल खरीदकर लौट रहे थे। उनके साथ उनकी बहन का बेटा मनोज के. था, जो गाड़ी चला रहा था, जबकि नंजुंडा आगे वाली सीट पर बैठे थे।

ट्रिनिटी जंक्शन पार करने के बाद वे जनरल के.एस. थिम्मैया सर्किल की ओर दाएं मुड़ रहे थे। उन्होंने गाड़ी का इंडिकेटर भी दिया था और हाथ से भी संकेत किया था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार लगातार हॉर्न बजा रही थी।

नंजुंडा के मुताबिक, उन्होंने पीछे वाले चालक से हॉर्न बंद करने को कहा और बताया कि वे दाईं ओर मुड़ रहे हैं। आरोप है कि इसके बाद कार चालक ने अपनी गाड़ी बाईं ओर से निकाली, अंदर बैठे-बैठे ही गाली-गलौज की और आगे निकल गया।

कुछ देर बाद आरोपी की कार एचएएल एयरपोर्ट रोड स्थित सीबी रोड सिग्नल पर रुकी। नंजुंडा गाड़ी से उतरकर उससे बात करने और गाली देने पर सवाल करने पहुंचे। उन्होंने चालक से गाड़ी साइड में लगाने को भी कहा।

इसी दौरान आरोपी ने अचानक तेज गति से गाड़ी भगाने की कोशिश की। अपनी जान के डर से नंजुंडा कार के सामने आ गए और खुद को बचाने के लिए बोनट पर कूदकर विंडशील्ड वाइपर पकड़ लिया। आरोप है कि सुरेश ने उनकी चीख-पुकार के बावजूद सीबी रोड जंक्शन से एएससी सेंटर कॉलेज तक गाड़ी दौड़ाई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक को रुकने के लिए चिल्लाया, लेकिन वह नहीं रुका। आखिरकार एएससी सेंटर कॉलेज के पास अन्य वाहनों, जिनमें कैब भी शामिल थीं, ने रास्ता रोक दिया, तब जाकर गाड़ी रुकी। वहां मौजूद लोगों ने चालक को पकड़कर फटकार लगाई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,319
Messages
16,356
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top