गुजरात के जूनागढ़ में महाशिवरात्रि मेले का दिव्य आगाज! डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने की महाआरती, लाखों भक्त शामिल

गुजरात: महाशिवरात्रि मेले का भव्य आगाज, डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने भवनाथ मंदिर में की महाआरती


जूनागढ़, 11 फरवरी। गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने बुधवार को भवनाथ मंदिर में महाआरती की। इसके बाद पदयात्रा में शामिल हुए और लाखों भक्तों के इकट्ठा होने पर राज्य और देश के लिए प्रार्थना की। उन्‍होंने डमरू तीर्थ स्थल पर प्रसाद चढ़ाकर संतों का सम्मान किया।

जूनागढ़ स्थित पवित्र गिरनार पर्वत की तलहटी में महाशिवरात्रि मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भवनाथ मंदिर में पंडित इंद्र भारती बापू के साथ महाआरती कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।

उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि का यह मेला श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्वितीय संगम है और इस वर्ष यह मेला अब तक का सबसे बड़ा और यादगार आयोजन साबित होगा।

हर्ष संघवी ने मंत्रियों के साथ पदयात्रा भी की और नगर प्रवेश के दौरान हजारों साधु-संतों के साथ शामिल हुए। ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। उन्होंने कहा कि मेले का शुभारंभ करने का अवसर मिलना उनके जीवन का सौभाग्य है। पहले ही दिन लाखों श्रद्धालु मेले में पहुंचे, जो इस आयोजन की लोकप्रियता और भक्ति भावना को दर्शाता है।

उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस मेले में 15 फरवरी तक करीब 20 से 25 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं। पिछले कई दिनों से मंत्री और पूरा प्रशासनिक तंत्र तैयारियों में जुटा हुआ था। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह भंडारे की व्यवस्था की गई है, जबकि बुजुर्गों की सुविधा के लिए विशेष बस सेवाएं चलाई जा रही हैं।

डिप्टी सीएम ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि साधु-संतों के आशीर्वाद से सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने प्रार्थना की कि भगवान भोलेनाथ सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और गुजरात एवं देश की उन्नति और कल्याण का मार्ग प्रशस्त करें।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top