जयपुर, 11 फरवरी। राजस्थान विधानसभा में उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बुधवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित राजस्थान बनाने के लिए है।
यह दीया कुमारी के द्वारा पेश किया गया प्रदेश के लिए तीसरा बजट था। बजट भाषण में मजबूत नींव, विकसित राजस्थान का विजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार, किसानों की आय बढ़ाना, आत्मनिर्भरता और मजबूत अर्थव्यवस्था पर फोकस रखा गया।
आईएएनएस से बातचीत में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि हमने हर बार अच्छा बजट पेश किया है और हमेशा इस बात पर ध्यान दिया है कि क्या सबसे जरूरी है। सबसे पहले नींव को मजबूत करना आवश्यक है। हमारी सारी घोषणाएं इसी दिशा में हैं। हमारे 10 विकास स्तंभ हैं, जिन पर मैंने बहुत विस्तार से बात की है। इस बजट में मैंने कई महत्वपूर्ण बिंदु शामिल किए हैं और कई नई घोषणाएं भी की हैं, जो बहुत आवश्यक हैं।
उन्होंने कहा कि यह बजट इस बात पर केंद्रित है कि राजस्थान को कैसे और मजबूत बनाया जाए। जब हम विकसित राजस्थान की बात करते हैं, तो उसकी नींव अभी से बननी शुरू होनी चाहिए। अगर हम अभी से मजबूत नींव नहीं बनाएंगे, बच्चों को बेहतर स्कूली शिक्षा नहीं देंगे, लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराएंगे, उचित इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार के अवसर, किसानों की आय बढ़ाने के लिए ठोस कदम, उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने का काम अभी से नहीं करेंगे, तो राजस्थान कभी विकसित नहीं हो सकता। राजस्थान को आत्मनिर्भर बनाना है। हमारी अर्थव्यवस्था को और मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमने अच्छा फंड दिया है, पिछली बार से भी अधिक। ग्रीन बजट को भी उचित और अच्छी राशि दी गई है। जैसे केंद्र सरकार के बजट में तीन प्रमुख कर्तव्य थे, वैसे ही हमारे बजट में 10 विकास स्तंभ हैं। यह बजट विकसित राजस्थान बनाने के लिए है। उन्होंने कहा कि दुख की बात है कि कांग्रेस को यह बजट समझ नहीं आया।