अहमदाबाद, 11 फरवरी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 13वें मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने दूसरे सुपर ओवर में रोमांचक जीत दर्ज की। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीकी सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने 41 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों के साथ 59 रन की पारी खेली, जिसके साथ क्विंटन टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक रन बनाने वाले साउथ अफ्रीकी बन गए।
क्विंटन डी कॉक ने अफगानिस्तान के विरुद्ध 41 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों के साथ 59 रन की पारी खेली, जिसके साथ उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में 700 रन का आंकड़ा पार कर लिया।
क्विंटन डी कॉक ने अब तक टी20 वर्ल्ड कप में 737 रन बनाए हैं। वहीं, इस लिस्ट में मौजूद एबी डी विलियर्स लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में 717 रन बनाए। जेपी डुमिनी इस लिस्ट में 568 रन के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद हैं, जबकि 482 रन के साथ डेविड मिलर चौथे पायदान पर हैं। एडेन मार्करम 448 रन के साथ लिस्ट में पांचवें स्थान पर मौजूद हैं।
यह क्विंटन डी कॉक के टी20 वर्ल्ड कप करियर का पांचवां अर्धशतक रहा। इसी के साथ क्विंटन टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक अर्धशतक लगाने वाले संयुक्त रूप से नंबर-1 खिलाड़ी बन गए हैं। उनके अलावा, एबी डी विलियर्स ने भी इतने ही अर्धशतक लगाए हैं। वहीं, लिस्ट में दूसरे स्थान पर मौजूद एडेन मार्करम ने 4 बार यह कारनामा किया है।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बुधवार को खेले गए इस मुकाबले में क्विंटन डी कॉक (59) और रयान रिकेल्टन (61) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर साउथ अफ्रीका ने 6 विकेट खोकर 187 रन बनाए। विपक्षी खेमे से अजमतुल्लाह ओमरजाई ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि राशिद खान ने 2 विकेट निकाले।
इसके जवाब में अफगान टीम 19.4 ओवरों में 187 रन पर ऑलआउट हो गई। इस टीम के लिए रहमानु्ल्लाह गुरबाज ने 42 गेंदों में 7 छक्कों और 4 चौकों के साथ 84 रन की पारी खेली, जबकि ओमरजाई ने 22 रन बनाए। विपक्षी खेमे से लुंगी नगिडी ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले, जबकि मार्को जानसेन, कगिसो रबाडा, जॉर्ज लिंडे और केशव महाराज ने 1-1 विकेट हासिल किया।
यह मैच सुपर ओवर तक पहुंचा, जिसमें दोनों टीमों ने 17-17 रन बनाए। मामला दूसरे सुपर ओवर में पहुंचा, जिसमें साउथ अफ्रीका ने 21/0 का स्कोर बनाकर अफगानिस्तान को 19/1 के स्कोर पर रोक दिया।