पटना, 11 फरवरी। बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है। इस बीच, बुधवार को राजद के विधायक भाई वीरेंद्र ने बिहार में एक खास जाति के अपराधियों को टारगेट करने का आरोप लगाया। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि हम लोग किसी अपराधी का समर्थन नहीं कर रहे हैं।
राजद के विधायक भाई वीरेंद्र ने यहां मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि बिहार में आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। सरकार इसे रोक पाने में विफल है। अपराधी नहीं पकड़े जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी जातियों में अपराधी हैं, लेकिन सरकार द्वारा एक जाति को ही टारगेट किया जाता है।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यादव और मुस्लिम अपराधियों को ही टारगेट किया जा रहा है जबकि गैर यादव अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है। विधायक ने कहा कि मैं अपराधी का समर्थन नहीं करता हूं, लेकिन सभी पर कार्रवाई होनी चाहिए। सभी जातियों में अपराधी हैं। सभी पर कार्रवाई होनी चाहिए।
इधर, जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि अपराधियों की न कोई जाति होती है और न कोई धर्म होता है, अपराधी, अपराधी होते हैं। अपराधियों पर कार्रवाई की जाती है और जब अपराधी गोली चलाएंगे तो पुलिस भी आत्मरक्षार्थ उपाय करती है। इसमें जाति और धर्म कहां आ जाता है?
इससे पहले बुधवार को पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ आपराधिक गिरोह के लोग गायघाट के पास रंगदारी मांगने की नियत से इकट्ठा हुए हैं।
इसी सूचना के आधार पर पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की एक टीम सुबह गायघाट इलाके में पहुंच गई और संबंधित पूरे इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को फंसा देख अपराधी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद अधिकारियों ने मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह गिर गया। उसे तुरंत पकड़ लिया गया। घायल अपराधी की पहचान राजीव कुमार उर्फ सूर्या डॉन के रूप में की गई है।