पाक का स्टेबलकॉइन कदम पड़ेगा भारी? रिपोर्ट: डॉलर पर निर्भरता बढ़ाएगा, रुपया और कमजोर होगा

पाक के स्टेबलकॉइन प्रयोग से और कमजोर हो सकता है पाकिस्तानी रुपया : रिपोर्ट


नई दिल्ली, 11 फरवरी। अमेरिकी क्रिप्टो फर्म वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल के साथ साझेदारी के माध्यम से डॉलर से जुड़े स्टेबलकॉइन को अपनाने की पाकिस्तान की योजना से देश की डॉलर पर निर्भरता बढ़ सकती है और इससे पाकिस्तान की व्यापक आर्थिक स्थिरता पर भी असर हो सकता है। यह जानकारी एक रिपोर्ट में दी गई।

डेली मिरर की रिपोर्ट में कहा गया है कि डॉलर से जुड़ा स्टेबलकॉइन मूल्य के भंडार और विनिमय के माध्यम के रूप में डॉलर को बढ़ावा देता है, जिससे पाकिस्तान की आम जनता पाकिस्तानी रुपए से दूर जाने के लिए प्रोत्साहित होगी और डॉलर की स्वीकार्यता बढ़ेगी।

रिपोर्ट में कहा गया कि स्टेबलकॉइन के जरिए मुद्रा प्रतिस्थापन से विनिमय दर पर दबाव बढ़ सकता है और पाकिस्तानी रुपए की कमजोरी को और तेज करने वाला एक चक्र सक्रिय हो सकता है।

रिपोर्ट में कहा गया, "एक ऐसे देश के लिए जिसकी मुद्रा कमजोर है, भुगतान संतुलन में बार-बार तनाव रहता है और मौद्रिक नीति के लिए सीमित गुंजाइश है, आधिकारिक तौर पर मान्यता प्राप्त डॉलर से जुड़े स्टेबलकॉइन की शुरुआत अस्थिरता को कम करने के बजाय बढ़ा सकती है।"

इसके अलावा, रिपोर्ट में कहा गया है कि स्टेबलकॉइन बैंकों को दरकिनार करते हुए, घरेलू और व्यावसायिक तरलता को विनियमित प्रणाली से बाहर के डिजिटल वॉलेट में स्थानांतरित कर देते हैं। पाकिस्तान में, जहां मौद्रिक नीति का संचरण बैंकों की बैलेंस शीट पर बहुत अधिक निर्भर करता है, इससे ब्याज दरों में बदलाव का प्रभाव कम हो सकता है और तरलता प्रबंधन जटिल हो सकता है।

रिपोर्ट में बताया गया कि बार-बार होने वाली मुद्रास्फीति में वृद्धि, तीव्र अवमूल्यन और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) द्वारा संचालित स्थिरीकरण चक्रों के कारण पाकिस्तानी मुद्रा पर भरोसा पहले से ही डगमगा रहा है।

आईएमएफ ने बार-बार चेतावनी दी है कि स्टेबलकॉइन को व्यापक रूप से अपनाने से स्थानीय बैंकों से जमा राशि निकल सकती है और कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में मौद्रिक ढांचे कमजोर हो सकते हैं।

बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट्स ने भी तर्क दिया कि ऐसे उपकरण ठोस मुद्रा के बुनियादी मानदंडों पर खरे नहीं उतरते और मौद्रिक संप्रभुता के लिए जोखिम पैदा करते हैं।

रिपोर्ट में कहा गया कि स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान ने ऐतिहासिक रूप से क्रिप्टो को लेकर सतर्क रुख अपनाया है, इसके बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के परिवार से जुड़ी क्रिप्टो कंपनी, वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल के साथ हुए नए समझौते ने विदेशी नियंत्रण वाले स्टेबलकॉइन इकोसिस्टम को अर्ध-आधिकारिक वैधता प्रदान कर दी है, जो "पाकिस्तान के भीतर की शक्तियों के दबाव" में हुआ है।

रिपोर्ट में यह भी चेतावनी दी गई है कि क्रिप्टो कॉइन निजी देनदारियां हैं, और इनकी स्थिरता भंडार की गुणवत्ता, साधन की कानूनी वैधता और संकट की स्थिति में जारीकर्ता की भुगतान क्षमता पर निर्भर करती है।

रिपोर्ट में बताया गया, "विकसित अर्थव्यवस्थाओं में, ऐसे जोखिम मजबूत निगरानी और व्यापक बाजारों द्वारा कम किए जाते हैं। पाकिस्तान का न तो जारीकर्ता पर नियंत्रण है और न ही विदेशी नियंत्रण वाले स्टेबलकॉइन से जुड़े संकट को संभालने की क्षमता है।"
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
15,949
Messages
15,986
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top