हावड़ा में मौत का तांडव! बहुमंजिला इमारत से गिरी रॉड, वेल्डिंग के दौरान दो जिंदगियां खत्म

हावड़ा में बहुमंजिला इमारत से लोहे की रॉड गिरने से दो की मौत


कोलकाता, 10 फरवरी। पश्चिम बंगाल के हावड़ा शहर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। हावड़ा नगर निगम से सटी एक बहुमंजिला इमारत से भारी लोहे की रॉड गिरने से दोनों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, बाद में अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

यह हादसा मंगलवार दोपहर को उस समय हुआ, जब उक्त बहुमंजिला ट्रेड सेंटर में वेल्डिंग का काम चल रहा था। मृतकों की पहचान शेख इरफान और खोकन के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, सुबह से ही इमारत की सीढ़ियों के पास लोहे की रॉड की वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक भारी रॉड नीचे गिर गई। उस वक्त इमारत के नीचे कई लोग मौजूद थे।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस ट्रेड सेंटर में कई व्यापारी अपना सामान रखते हैं। हादसे के दिन हावड़ा के मंगलाहाट में बाजार लगा हुआ था। टोपी व्यापारी शेख इरफान अपने दोस्त खोकन के साथ सामान रखने के लिए इमारत में पहुंचे थे, तभी ऊपर से गिरी लोहे की रॉड उनके सिर पर आ गिरी।

दोनों को गंभीर हालत में हावड़ा स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर हावड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस जब इमारत की छत पर पहुंची तो वहां लोहे की रॉड और अन्य निर्माण सामग्री बिखरी पड़ी मिली।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के किया जा रहा था। न तो कोई सेफ्टी नेट लगाया गया था और न ही अन्य सुरक्षा उपाय मौजूद थे।

मृतक शेख इरफान के भाई शेख इस्लाम ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हम सामान रखने आए थे, मैं भी वहीं मौजूद था। अचानक ऊपर से लोहे की रॉड मेरे भाई और खोकन के सिर पर गिर गई। ऊपर काम कर रहे मजदूर सिर्फ झांकते रहे, कोई मदद के लिए नहीं आया। करीब 20 मिनट बाद पुलिस पहुंची, तब उन्हें अस्पताल ले जाया गया।”

उन्होंने सवाल उठाया कि बिना सुरक्षा उपायों के छत पर काम कैसे कराया जा रहा था।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top