उद्योगपति रॉय आत्महत्या मामले में दुबई से जानकारियां जुटानी होंगी: जी. परमेश्वर

उद्योगपति रॉय आत्महत्या मामले में दुबई से जानकारियां जुटानी होंगी: जी. परमेश्वर


बेंगलुरु, 10 फरवरी। कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने मंगलवार को कहा कि उद्योगपति सीजे रॉय की आत्महत्या की जांच प्रगति पर है।

उन्होंने कहा, "दुबई से जानकारी जुटाई जा रही है, और आयकर अधिकारियों से पूछताछ का अधिकार विशेष जांच दल (एसआईटी) के विवेक पर छोड़ दिया गया है।"

दरअसल, कॉन्फिडेंट ग्रुप के संस्थापक और अध्यक्ष सीजे रॉय ने हाल ही में बेंगलुरु स्थित अपने कार्यालय में आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान कथित तौर पर खुद को गोली मार ली थी।

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय रॉय अपने फर्स्ट-फ्लोर ऑफिस चैंबर में अकेले थे। गोली चलने की आवाज सुनकर आयकर अधिकारी तुरंत अंदर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

बेंगलुरु में पत्रकारों से बात करते हुए गृह मंत्री परमेश्वर ने एसआईटी जांच पर कहा, "उद्योगपति सीजे रॉय के मामले में अधिकारी जांच कर रहे हैं। वे दुबई में थे, और वहां से कई जानकारियां जुटानी होंगी। इसमें आयकर का पहलू भी शामिल है। सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट बाद में सौंपी जाएगी।"

उन्होंने आगे कहा, "एसआईटी ने मुझे बताया है कि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उन्होंने उसकी डायरी और अन्य सामग्री जब्त कर ली है। पूरी जानकारी टुकड़ों में नहीं दी जाएगी। आईटी अधिकारियों से पूछताछ का जिम्मा एसआईटी को सौंपा गया है। जांच प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर की जा रही है और इस स्तर पर हम घटना के बारे में कुछ नहीं कह सकते।"

रॉय की डायरी में राजनेताओं के नामों के उल्लेख से जुड़ी अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए परमेश्वर ने कहा कि रिपोर्ट जमा होने तक कुछ नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा, "आप सवाल को चाहे जैसे भी घुमा-फिराकर पेश करें, मेरा जवाब वही रहेगा।"

आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों के पुनर्वास के बारे में परमेश्वर ने कहा, "हमने शिवमोग्गा, उडुपी और चिक्कमगलुरु जिलों में लोक अभियोजकों की नियुक्ति का निर्णय पहले ही ले लिया है क्योंकि हम चाहते हैं कि उनके मामलों का जल्द से जल्द निपटारा हो। आत्मसमर्पण के समय सरकार के समक्ष रखी गई शर्तों में से यह एक थी।"

उन्होंने आगे कहा, "हमने कल इस मामले पर चर्चा की थी और मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने इस संबंध में आदेश दे दिए हैं। हम तीन लोक अभियोजकों की नियुक्ति करेंगे जो अदालतों में पेश होंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि मामले वापस ले लिए जाएं।"

उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की दिल्ली यात्रा पर परमेश्वर ने कहा, "मीडिया को नेतृत्व के मुद्दों के अलावा अन्य प्रश्न पूछने चाहिए। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं और उन्हें बैठकों में भाग लेना अनिवार्य है। उनका दिल्ली दौरा करने में क्या गलत है? क्या दिल्ली जाना इतना बड़ा मुद्दा है?"
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top