चेन्नई, 10 फरवरी। एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में न्यूजीलैंड और यूएई के बीच ग्रुप डी का मुकाबला खेला जा रहा है। यूएई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 173 रन बनाए हैं।
यूएई की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। 12 के स्कोर पर आर्यांश शर्मा का विकेट गिर गया। आर्यांश 8 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान मुहम्मद वसीम और आलिशान सराफू ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 107 रन की मजबूत साझेदारी की। सराफू 47 गेंद पर 2 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 55 रन की पारी खेलकर आउट हुए।
इसके बाद मयंक कुमार के साथ कप्तान वसीम ने चौथे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी की। मयंक 12 गेंद पर 1 छक्का और 2 चौके की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए। वसीम अंत तक नाबाद रहे। उन्होंने 45 गेंद पर 3 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 66 रन की पारी खेली। हर्षित कौशिक 2 और शोएब खान 7 रन बनाकर आउट हुए।
यूएई ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 173 रन बनाए। पारी में 14 रन अतिरिक्त के रूप में आए। मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने क्रीज पर टिकने का थोड़ा और साहस दिखाया होता, तो स्कोर 200 के और करीब हो सकता था।
न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने 4 ओवर में 37 रन देकर 2 विकेट लिए। जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मिशेल सेंटनर और ग्लेन फिलिप्स को 1-1 विकेट मिला। न्यूजीलैंड ने कुल 7 गेंदबाजों का उपयोग किया।
यूएई के लिए विश्व कप में यह पहला मुकाबला है। यूएई इस मैच में उलटफेर की पूरी कोशिश करेगी। कीवी टीम अपना दूसरा ग्रुप मैच खेल रही है। पहले मैच में न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान पर बड़ी जीत दर्ज की थी।