T20 विश्व कप 2026: भारत-पाक महामुकाबला पक्का! राजीव शुक्ला ने ICC को सराहा, बोले- क्रिकेट की जीत

आपसी सहमति से लिया गया निर्णय, विवाद सुलझाने के लिए आईसीसी को बधाई: राजीव शुक्ला


नई दिल्ली, 10 फरवरी। टी20 विश्व कप 2026 में 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होना अब निश्चित हो चुका है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी), बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी), और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की बैठक के बाद भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर चल रहे सारे गतिरोध दूर हो गए और पाकिस्तान ने भारत के साथ होने वाले मैच से अपने बहिष्कार का फैसला वापस ले लिया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इस फैसले का स्वागत किया है।

पत्रकारों से बात करते हुए राजीव शुक्ला ने कहा, "मैं आईसीसी के प्रतिनिधियों द्वारा शुरू की गई बातचीत के परिणाम से बहुत खुश हूं। इसकी देखरेख आईसीसी अध्यक्ष और उन प्रतिनिधियों ने की जो लाहौर में पीसीबी और बीसीबी से बात करने गए थे। यह आपसी सहमति से निकाला गया हल है जो क्रिकेट की अहमियत को प्राथमिकता देता है।"

उन्होंने कहा, "इस मुद्दे को सुलझाने और क्रिकेट को फिर से सबसे आगे लाने के लिए आईसीसी को बहुत-बहुत बधाई। यह आईसीसी के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इसलिए मैं आईसीसी को यह पहल करने और पाकिस्तान को बातचीत की टेबल पर लाने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। आखिरकार कोलंबो में पाकिस्तान ने भारत के साथ खेलने का फैसला किया। टी20 विश्व कप 2026 अब सफलता हासिल करेगा।"

बीसीसीआई उपाध्यक्ष ने कहा कि यह सबके लिए विन-विन सिचुएशन है। बांग्लादेश की भावनाओं को भी समझा गया है, और उनके बोर्ड को कुछ राहत मिली है, और वे भी खुश हैं।

भारत में सुरक्षा का हवाला देते हुए बांग्लादेश ने विश्व कप के मैच खेलने से इनकार किया था और विश्व कप से बाहर होने का फैसला किया था। आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को जगह दी थी। इसके बाद पाकिस्तान ने बांग्लादेश का साथ देते हुए भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार किया था।

रविवार को, दो सदस्यों वाले आईसीसी के प्रतिनिधिमंडल ने लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी और बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम से मुलाकात की। इस बैठक में बांग्लादेश पर किसी भी तरह का एक्शन नहीं लेने का निर्णय किया गया और 2031 से पहले एक आईसीसी इवेंट की मेजबानी देने पर सहमति बनी। इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने विश्व कप में भारत के मैच के बहिष्कार वाला फैसला वापस ले लिया।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,550
Messages
15,587
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top