पुतलों को चूड़ियां पहनाकर कांग्रेस का बिहार विधानसभा में प्रदर्शन, चौपट कानून-व्यवस्था पर नीतीश कुमार से मांगा इस्तीफा

बिहार विधानसभा में कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का पुतला प्रदर्शन


पटना, 10 फरवरी। बिहार विधानसभा के बजट सत्र में विपक्ष सरकार पर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर लगातार हमलावर है। सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद सदन के अंदर और कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानमंडल परिसर में विपक्ष सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर घेरने की कोशिश की। इस क्रम में मंगलवार को कांग्रेस विधायकों ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

कांग्रेस के विधायक हाथों में पुतला लेकर पहुंचे और सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर विफलता का आरोप लगाया। कांग्रेस के विधायकों ने पुतले को चूड़ियां भी पहना रखी थीं। प्रदर्शन के दौरान विधायकों ने नारेबाजी भी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे चनपटिया से कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन ने कहा कि बिहार में कानून का राज समाप्त हो चुका है। जहानाबाद की बेटी की पटना के छात्रावास में मौत हो गई, लेकिन अभी तक न्याय नहीं मिला और फिर दरभंगा में एक अबोध बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई।

उन्होंने कहा कि यह बिहार सरकार का पुतला है, जिसमें जो कागज चिपकाए गए हैं, उनमें हाल की आपराधिक घटनाओं का जिक्र किया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य में दुष्कर्म, हत्या और छेड़खानी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसके बावजूद सरकार ठोस कार्रवाई करने के बजाय सिर्फ बयानबाजी तक सीमित है। अपराधियों को सही समय पर सजा नहीं हो रही है, जिस कारण उनमें कानून के प्रति भय उत्पन्न नहीं हो रहा है।

कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन ने सीएम नीतीश कुमार के इस्तीफे की मांग की और कहा कि कांग्रेस की मांग है कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था पर तत्काल नियंत्रण करे। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए सरकार संवेदनशील बनकर प्रभावी कदम उठाए। जब विपक्ष मामले को उठा रहा है तो उसकी फाइल खोली जा रही है।

बता दें कि सोमवार को विधान परिषद में कानून व्यवस्था को लेकर ही जबरदस्त हंगामा देखने को मिला था, जिसे लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच नोकझोंक भी हुई थी।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,235
Messages
15,272
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top